जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर चीनी मिल मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मैदान में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और “मोदी-मोदी” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मंच पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, लोजपा प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी विधायक और एनडीए उम्मीदवार मौजूद रहे।
पीएम मोदी बोले — मुजफ्फरपुर की लीची जैसी मीठी है यहां की बोली
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भावनात्मक अंदाज़ में करते हुए कहा “जब भी मैं मुजफ्फरपुर आता हूं, तो यहां की मिठास मन मोह लेती है। यहां की लीची जितनी मीठी है, उतनी ही प्यारी और मीठी यहां के लोगों की बोली भी है।”
उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर की जनता का जो स्नेह और उत्साह है, वही एनडीए को फिर से सत्ता में लाने की ताकत देगा।
छठ महापर्व को बताया मानवता का पर्व
पीएम मोदी ने छठ पर्व को लेकर कहा “हम छठ महापर्व को मानवता का पर्व मानते हैं और इसे UNESCO की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
यह हर बिहारी और हर भारतीय के लिए गर्व की बात होगी।” उन्होंने कहा कि “आपका यह बेटा पूरी दुनिया में छठी मइया की जय-जयकार करा रहा है।”
RJD-कांग्रेस पर तीखा हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए कहा “कांग्रेस और RJD के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई सिर्फ वोट पाने के लिए छठी मइया का अपमान कर सकता है?
क्या बिहार की माताएं और बहनें यह बर्दाश्त करेंगी?” उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता छठ पूजा को ‘नौटंकी’ और ‘ड्रामा’ कह रहे हैं, जो बिहार की आस्था का अपमान है।“जो महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं, गंगा जी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं, उनके प्रति यह टिप्पणी घोर असम्मान है। बिहार की जनता ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगी।”
‘RJD और कांग्रेस की पहचान – 5K मॉडल’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि RJD और कांग्रेस ने बिहार को पीछे धकेलने का काम किया है।
“इनकी पहचान पांच ‘K’ से होती है कट्टा (हिंसा), क्रूरता, कटुता (नफरत), कुशासन (बदइंतजामी) और करप्शन (भ्रष्टाचार)।” उन्होंने कहा कि बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए NDA की सरकार जरूरी है, क्योंकि एनडीए ही राज्य के युवाओं, महिलाओं और किसानों की आकांक्षाओं को समझता है।
‘विकसित भारत के लिए बिहार का विकास जरूरी’
पीएम मोदी ने कहा “जब भारत ज्ञान, विज्ञान और अर्थव्यवस्था में सबसे आगे था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। आज जब हम विकसित भारत की दिशा में बढ़ रहे हैं, तो बिहार का विकसित होना बेहद जरूरी है।” उन्होंने कहा कि बिहार की मीठी बोली, समृद्ध संस्कृति और गौरव को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना एनडीए की प्राथमिकता है।

