Wednesday, February 11, 2026
- Advertisement -

Bihar News: सहरसा में पीएम मोदी की रैली, कहा- बिहार में फिर चाहिए सुशासन सरकार, एनडीए ही विकास की गारंटी

जनवाणी ब्यूरो |

बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के सहरसा में एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बिहार ने विकास की रफ्तार पकड़ ली है और अब इसे और तेज करने की जरूरत है। पीएम ने नारा दिया — “फिर एक बार, एनडीए सरकार — बिहार में फिर से सुशासन सरकार।” उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान ज्ञान और नारी सम्मान दोनों से है।

“माता सीता, देवी भारती, विदुषी गार्गी जैसी माताएं हमारी प्रेरणाएं हैं। इस नारी शक्ति की भूमि से मैं भारत की बेटियों को बधाई देता हूं। भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट विश्व कप जीता है — यह विजय भारत की बेटियों के नए आत्मविश्वास का प्रतीक है।”

‘आज हमारी बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं’

पीएम मोदी ने महिलाओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा “आज हमारी बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं, सीमा पर देश की रक्षा कर रही हैं, अंतरिक्ष अभियानों में भाग ले रही हैं। देश के 1.8 लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स में 70 हजार से अधिक में महिलाएं आगे हैं। नारी सम्मान और रोजगार हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस की राजनीति विकास विरोधी है “राजद-कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं। एनडीए की पहचान विकास से है, उनकी पहचान विनाश से है।”

‘राजद-कांग्रेस को विकास की भाषा समझ ही नहीं आती’

पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस को विकास की भाषा समझ नहीं आती। “उनके शब्दकोश में कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन जैसे शब्द भरे हैं। जंगलराज में पुलिस भी सुरक्षित नहीं थी। दलित, पिछड़े, अति पिछड़ों पर अत्याचार होता था।”

उन्होंने सहरसा के डीएसपी सत्यपाल सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि “जंगलराज वालों को ठीक करने वाले बहादुर अधिकारी की हत्या करवा दी गई और दोषियों को खुला छोड़ दिया गया। तब ठेकेदार और व्यापारी डर में जीते थे, अब नीतीश सरकार ने सुशासन लाया है।”

राहुल गांधी और तेजस्वी पर निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राजद के नामदार नेता जमीन से कट चुके हैं। “वे कहते हैं कि दिल्ली में सरकार बनने पर नालंदा जैसा विश्वविद्यालय बनाएंगे। 10 साल केंद्र में रहे, तब सिर्फ 20 करोड़ रुपये दिए। इतने में तो गांव में स्कूल भी नहीं बनता। एनडीए सरकार ने नालंदा विश्वविद्यालय के लिए 2000 करोड़ रुपये दिए, अब वहां 21 देशों के छात्र पढ़ते हैं।”

उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश की परंपराओं से चिढ़ है — “राजद-कांग्रेस वालों को राम मंदिर जाने का समय नहीं मिलता। छठ महापर्व मनाने में इन्हें शर्म आती है। इन लोगों ने छठी मैया का अपमान किया।”

‘कोसी महासेतु को राजद-कांग्रेस वालों ने लटकाया’

पीएम मोदी ने कहा कि कोसी महासेतु परियोजना का शिलान्यास 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था, लेकिन कांग्रेस और राजद की सरकारों ने प्रोजेक्ट रोक दिया।

“2014 में जब डबल इंजन की सरकार बनी, तब हमने फिर से फाइल मंगाई। 2020 में एनडीए सरकार ने यह पुल जनता को समर्पित किया। अब 300 किमी का सफर सिर्फ 30 किमी में तय होता है।”

उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार ने कोसी बेसिन में बाढ़ नियंत्रण के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू की हैं और देश का सबसे लंबा पुल कोसी नदी पर बनाने का कार्य जारी है।

‘आपका पहला वोट सरकार बनाने वाला वोट होना चाहिए’

प्रधानमंत्री ने लोगों से मतदान की अपील की “6 नवंबर को सहरसा और मधेपुरा के लोग वोट डालेंगे। आपका पहला वोट सरकार बनाने वाला वोट होना चाहिए। पहले मतदान, फिर जलपान।”

पीएम मोदी ने कहा कि वह अपने साथियों के लिए जनता का आशीर्वाद मांगने आए हैं और भरोसा दिलाया कि “एनडीए सरकार बिहार को विकास और सुशासन की नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।”

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

UP Budget 2026: योगी सरकार का बजट, 10 लाख रोजगार और लड़कियों के लिए 1 लाख रुपये सहायता

जनवाणी ब्यूरो | यूपी: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार...
spot_imgspot_img