- चोरी की पिकअप के साथ दो बदमाश दबोचे, एक फरार
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: पुलिस और बदमाशों के बीच कस्बे के बुढ़ाना मार्ग पर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से चोरी की पिकअप गाड़ी के अलावा तमंचा और चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों को जेल भेज दिया है। साथ ही, फरार बदमाश की तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय के निर्देश पर थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह और एसआई सुरेंद्र तेवतिया रविवार की देर शाम कस्बे के बुढ़ाना मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को हुरमंजपुर गांव जाने वाले रास्ते पर एक पिकअप गाड़ी में सवार तीन युवक दिखाई दिए।
पुलिस ने अपनी गाड़ी रोकर तीनों युवकों से पूछताछ की तो तीनों युवक पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने भी अपने बचाव में फायरिंग की, और बदमाशों की घेराबंदी कर दो बदमाशों को हिरासत में ले लिया, जबकि पकड़े गए बदमाशों का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस पकड़े गए दोनों बदमाशों को थाने ले आई। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक चोरी की पिकअप गाड़ी जो बदमाशों ने जनपद मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र से चोरी की थी, और एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए दोनों बदमाशों ने अपने नाम सारिक पुत्र जरीफ निवासी मोहल्ला दरबार कैराना व अशरफ पुत्र इकराम निवासी मोहल्ला कुरैशियान कस्बा बघरा, जनपद मुजफ्फरनगर बताए। साथ ही, फरार साथी का नाम नौमान पुत्र दिलशाद निवासी मोहल्ला कुरैशियान कस्बा बघरा बताया है।
पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि शीघ्र ही फरार बदमाश को भी गिरफ्तार कर जेल बजेज दिया जाएगा।


ब
बदमाशो की जगह जेल