- जिपं सदस्य पद को कलक्ट्रेट के पांच न्यायालयों में नामांकन
- जनपद में बनाए गए 522 मतदान केंद्र और 1336 पोलिंग बूथ
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जिला प्रशासन ने त्रिस्तरीय चुनाव नामांकन के लिए सारी तैयारियां पूरी ली है। जिला मुख्यालय और सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन प्रक्रिया के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई है। मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। जिले में 26 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान होना है।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट स्थित पांच न्यायालयों में नामांकन प्रक्रिया होगी, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान पद, ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन ब्लाक मुख्यालय स्तर पर होंगे। जनपद में 522 मतदान केंद्र और 1336 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
शामली जनपद के पांच ब्लॉकों के ग्राम पंचायतों में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत और 19 जिला पंचायत सदस्य पदों का चुनाव होना है। मंगलवार 13 और 15 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे, 16 और 17 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच और 18 अप्रैल को सुबह 08:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक नाम वापसी के बाद चुनाव चिन्ह आवंटन होगा। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद प्रत्याशियों को प्रचार के लिए सात दिन मिलेंगे। मतदान से 24 घंटे पहले प्रचार खत्म हो जाएगा। 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए जिले में 522 मतदान केंद्र और 1336 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
जिपं सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट में होगा नामांकन
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन कलक्ट्रेट स्थित पांच न्यायालयों में किए जाएंगे। जिसमें जिलाधिकारी, एसडीएम सदर, तहसीलदार न्यायिक, नायब तहसीलदार और चकबंदी अधिकारी के न्यायालय में नामांकन पत्र भरे जाएंगे। जिसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी सुरक्षा प्रबंध रहेंगे।
नामांकन से पूर्व जांचा जाएगा तापमान
नामाकंन करने वो प्रत्याशी के नामांकन कक्ष में प्रवेश से पूर्व तापमान जांच की जाएगी। तापमान सामान्य होने पर ही दावेदार या उनके प्रस्तावक नामांकन फार्म जमा करने के लिए निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में जाएगा। जिसे निर्वाचन अधिकारी की ओर से पर्ची दी जाएगी। क्रमानुसार, फार्म जमा करने की अनुमति मिलेगी।
सैनेटाइजर, साबुन, पानी होगा उपलब्ध
कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार नामांकन कक्ष के बाहर हाथ धोने के लिए साबुन, पानी और सैनेटाइजर उपलब्ध रहेगा। नामांकन कक्ष के बाहर सोशल डिस्टेसिंग से लाइन लगवाने की व्यवस्था रहेगी।

