- बोर्ड ने राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालय के प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी की तय
- लापरवाही करने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानि यूपी बोर्ड ने बोर्ड परीक्षा फार्म भरने और कक्षा नौवीं और 11वीं के पंजीकरण की तिथि चौथी बार बढ़ाई है। बावजूद इसके तमाम विद्यालय आनलाइन पंजीकरण और बोर्ड परीक्षा फार्म भरने में लापरवाही कर रहे हैं। पांच जनवरी के बाद भी यदि वह पंजीकरण या बोर्ड परीक्षा फार्म नहीं भर पाए,तो उनकी खुद की जिम्मेदारी होगी और बोर्ड मामले में सख्त कार्रवाई करेगा।
यह निर्देश हाल ही में माध्यमिक शिक्षा सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को जारी किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश कुमार चौधरी ने बताया कि बोर्ड को लगातार शिकायत मिल रही है कि कई प्रधानाचार्य हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा आवेदन पत्रों और कक्षा नौवीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण कार्य करने में अनावश्यक देर कर शिथिलता बरत रहे हैं, जिससे बोर्ड व शासन सख्त है।
लिहाजा चौथी बार बढ़ाई गई तिथि तक सभी विद्यालयों को निर्देश दिए जाते हैं कि वह अग्रिम पंजीकरण और परीक्षा फार्म भरवाकर उन्हें आनलाइन अपलोड करा दें। बता दें कि अगर निर्धारित तिथि के बाद किसी भी विद्यार्थी का परीक्षा फार्म या अग्रिम पंजीकरण होने से छूटता है, तो संबंधित प्रधानाचार्य ही पूर्ण रूप से दोषी माने जाएंगे। इसे अनुत्तरदायित्व पूर्णत्य मानते हुए राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के विरुद्ध कठोर व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही सहायता प्राप्त विद्यालय की मान्यता प्रत्याहरण संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। साथ ही पर्यवेक्षणीय शिथिलता के लिए भी दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए शासन को कहा जाएगा।
पांच जनवरी है अंतिम तिथि
कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए यूपी बोर्ड अब तक बोर्ड परीक्षा फार्म भरने और अग्रिम पंजीकरण की तिथियों को चार बार बढ़ा चुका है। हर बार संक्रमण के कारण उपजे हालात ही कारण रहे,लेकिन अब परीक्षाएं सिर पर हैं और अन्य तैयारियां भी करना शेष हैं।
ऐसे में बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा वर्ष 2021 के कक्षा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के संस्थागत-व्यक्तिगत विद्यार्थियों से विलंब शुल्क प्राप्त कर आवेदन पत्र आनलाइन भरने की तिथि पांच जनवरी 2021 तक हर हाल में जमा करा दें।
वहीं शैक्षिक सत्र 2020-21 के कक्षा नौवीं और 11वीं के संस्थागत विद्यार्थियों के विद्यालयों में प्रवेश व पंजीकरण शुल्क प्राप्त करने,आनलाइन पंजीकरण करने की तिथि भी 10 जनवरी 2021 तक बढ़ाई गई है, ताकि कोई भी विद्यार्थी परीक्षा फार्म भरने या पंजीकरण कराने से न छूटे।

