- अमित मरिंडा पर हत्या, गैंगरेप, रंगदारी, वाहन चोरी, शराब तस्करी, पिस्टल सप्लाई के 20 से अधिक मुकदमे मेरठ के अलग-अलग थानों में पंजीकृत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एसएसपी कार्यालय पर दुष्कर्म पीड़िता ने मेरठ के माफिया अमित मरिंडा की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। मंगलवार सुबह तेजस होटल के संचालक और मेडिकल थाने के हिस्ट्रीशीटर अमित मरिंडा के खिलाफ दर्जनों लोगों ने अलग-अलग शिकायत कर उसकी गिरफ्तारी की मांग की। उधर, अमित मरिंडा पर आए दिन नए नए खुलासे हो रहे हैं। अक्सर विवादों में रहने वाला अमित मरिंडा एनसीआर में हनी ट्रैप का सरगना बताया जाता है। इतना ही नहीं उस पर हत्या, गैंगरेप, रंगदारी, वाहन चोरी, शराब तस्करी, पिस्टल सप्लाई के 20 से अधिक मुकदमे मेरठ के अलग-अलग थानों में पंजीकृत हैं।
सूत्रों से जानकारी हुई है कि पुलिस जल्द ही अमित मरिंडा गैंग को पकड़कर इसके सभी 11 सदस्यों के खिलाफ एक गैंग रजिस्टर्ड करने जा रही है। अमित मरिंडा गैंग के सभी 11 सदस्यों की डिटेल पुलिस एकत्र कर रही है। सभी के फोन नंबर और फोटो पुलिस अधिकारियों के पास पहुंच चुके हैं। कुछ लोगों ने एडीजी और एसपी सिटी से मुलाकात कर अमित मरिंडा के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें अवैध वसूली और अन्य गंभीर आरोप लगाए है।
पुलिस को संजय सैनी की तलाश
मेरठ: नगर निगम पार्षद संजय सैनी की ओर से पैरवी के लिए मंगलवार को कुछ लोग सीआ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी से मिलने को पहुंचे। उन्होंने संजय सैनी का बचाव करते हुए आरोपों को बुनियाद करा दिया और यह भी कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करने में जल्दबाजी दिखाई। वहीं, दूसरी ओर सिविल लाइन पुलिस संजय सैनी व इस मामले में नामजद अन्य सभी अभियुक्तों की सरगर्मी से तलाश में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि थाना सिविल लाइन में पांडव नगर एफ ब्लॉक निवासी भाजपा पार्षद संजय सैनी समेत कुल नौ लोगों पर जानलेवा हमला व रंगदारी मांगने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पांडव नगर डी ब्लॉक निवासी पीड़ित मोहित सैनी पुत्र अशोक कुमार की तहरीर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसने पार्षद पर रंगदारी मांगने व जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस नामजद संजय सैनी, संजय जैन, रिंकू सैनी, राजू सैनी, विशाल, मनोज, डीजे, शमा, वर्षा व दो अन्य की तलाश कर रही है।
प्रेम जाल में फंसाने वाले युवक पर एफआईआर
अपनी पहचान छिपाकर प्रेम जाल किशोरी को फंसा कर दुष्कर्म करने के आरोपी युवक सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोप है कि कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर दुष्कर्म किया और बाद में जब विरोध किया तो गांधी बाग में किशोरी के साथ जमकर मारपीट की। यह भी आरोप है कि किशोरी को रोहटा रोड स्थित फुटबाल ग्राउंड स्थित एक होटल में ले जाकर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया। नाम उजागर होने पर किशोरी को गांधी बाग में सरेआम पीटा गया।
किशोरी ने सदर बाजार थाने पर मामले की जानकारी दी। सूचना के बाद बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने किशोरी को एसपी सिटी के समक्ष पेश किया। तब सीओ कोतवाली को मामले की जांच दी गई। सीओ की जांच के बाद मंगलवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। टीपीनगर थाना क्षेत्र के आरोपी युवक ने कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी से फेसबुक पर दोस्ती की। उसने किशोरी को हिंदू नाम बताया है। तीन माह से दोनों फेसबुक पर चैट कर रहे थे। किशोरी का आरोप है कि उसे झांसे में लेकर आरोपी युवक ने मिलने को बुलाया। उसके बाद रोहटा रोड पर फुटबाल ग्राउंड में घूमाने ले गया,
जहां पर एक होटल में ले जाकर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई। उसके बाद किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया। बाद में किशोरी को उसके घर पर छोड़ दिया गया। सोमवार को आरोपी किशोरी को लेकर गांधी बाग में पहुंच गया, जहां पर किशोरी को युवक का असली नाम पता चल गया, जिसके बाद किशोरी ने विरोध किया। तब आरोपी युवक ने गांधी बाग में किशोरी की जमकर पिटाई कर दी। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किशोरी ने सदर बाजार थाने पर मामले की जानकारी दी। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने एफआईआर दर्ज करा दिए जाने की पुष्टि की है।

