- विधायक और कैंट बोर्ड सदस्य भी नहीं रुकवा सके ठेकेदार की मनमानी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कैंट बोर्ड के टोल नॉकों पर मेरठ नंबर गाड़ियों से वसूली जारी है। कैंट विधायक और बोर्ड के सदस्य भी मिलकर ठेकेदार की मानमानी नहीं रुकवा पा रहे हैं। वाया रोहटा रोड होकर कैंट क्षेत्र से आने जाने वाले मेरठ नंबर वाले वाहनों से भी टोल नॉकों पर ठेकेदार के कारिन्दे वसूली कर रहे हैं। टोल देने से इनकार करने पर आरोप है कि वाहन चालकों से मारपीट की जाती है।
जबकि बोर्ड बैठक में तय हुआ था कि दो टोल नॉके खत्म करने के साथ ही किसी भी टोल नॉके पर मेरठ नंबर वाले वाहनों से टोल वसूला नहीं जाएगा, लेकिन ऐसा हो न सका। ठेकेदार के कर्मचारी मेरठ नंबर वाले व्यावसायिक वाहनों से भी टोल वसूली में लगे हैं। वाहन चालकों ने इसको लेकर शिकायत भी दर्ज कराई है। हालांकि यह बात अलग है कि शिकायत के बाद भी सदस्य ठेकेदार के खिलाफ मुंह खोलने के बजाय कन्नी काट रहे हैं।
मेट्रो कार्य ने खोली कलई
दिल्ली रोड और रुड़की रोड लेखानगर स्थित कैंट बोर्ड के जिन दो टोल नॉकों को बंद कराने का श्रेय लेने वाले बोर्ड के सदस्यों के दावों की कलई खुल गई है। दरअसल कैंट प्रशासन ने दिल्ली रोड व रुड़की रोड के टोल नॉकों को बोर्ड के सदस्यों के दवाब में नहीं बल्कि मेट्रो के कार्य की वजह से बंद किए जाने का फैसला लिया है।
इन दिनों रुड़की रोड लेखा नगर पर मैट्रो व रैपिड के लिए स्टेशन बनाए जाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिसकी वजह से पीडब्ल्यूडी के इस हाइवे का एक बड़ा हिस्सा दोनों साइडों से कवर किया गया है। केवल थोड़ी जगह वाहनों की आवाजाही के लिए बाकी छोड़ी गई है।

