जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद सहित विश्वभर में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “टुगेदर फॉर हेल्थ: स्टैंड विद साइंस” रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रमाण आधारित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजीव मिगलानी ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही है। उन्होंने बताया कि तंबाकू एवं मदिरा का बढ़ता सेवन, अपर्याप्त नींद, अनियमित दिनचर्या तथा मानसिक तनाव जैसी समस्याएं अनेक बीमारियों का कारण बन रही हैं। उनका कहना है कि यदि लोग समय रहते सजग हो जाएं और अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक परिवर्तन करें तो अधिकांश बीमारियों से बचाव संभव है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधियां जैसे व्यायाम, योग अथवा तेज चाल से चलना अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए, जिससे शरीर स्वस्थ और सक्रिय बना रहता है। मधुमेह के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने नियमित रक्त शर्करा जांच कराने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी, जिससे इस रोग को नियंत्रित रखा जा सके और जटिलताओं से बचा जा सके।डॉ. मिगलानी ने तंबाकू एवं धूम्रपान को पूरी तरह त्यागने पर जोर देते हुए कहा कि यह हृदय, फेफड़ों और रक्त वाहिकाओं के लिए अत्यंत हानिकारक है।
उन्होंने रक्त में वसा स्तर को नियंत्रित रखने के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित भोजन को आवश्यक बताया। साथ ही बढ़ते मोटापे को कई गंभीर बीमारियों की जड़ बताते हुए कहा कि नियमित व्यायाम और संतुलित आहार से इसे नियंत्रित किया जा सकता है।उन्होंने पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण नींद को भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन 7 से 8 घंटे की नींद अवश्य लेनी चाहिए। अंत में उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और वैज्ञानिक सोच अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।

