जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: कस्बे में भाजपा कार्यकर्ता के आवास पर आयोजित रस्म तेहरवीं में विधायक संगीत सोम व उनके राजनीतिक प्रतिद्वंदी अतुल प्रधान एक साथ पहुच गए।दोनों नेताओं को एक कार्यक्रम में साथ देखकर लोग हतप्रभ रह गए। इस दौरान कार्यक्रम में सुरक्षाकर्मियों का जमावड़ा लग गया।
हुआ यूं कि कस्बे में भाजपा कार्यकर्ता मास्टर अरुण के पिता की रस्म तेहरवीं कार्यक्रम चल रहा था। क्षेत्रीय विधायक संगीत सोम कार्यक्रम में शरीक होने के लिए पहुंचे थे। कुछ देर बाद ही इस कार्यक्रम में लाव लश्कर के साथ सपा नेता अतुल प्रधान भी पहुंच गए। दोनों प्रतिद्वंदी नेता तेहरवीं में एक साथ दिखाई दिए।
दोनों पास बैठकर भी खिंचे तने रहे। दोनों को एक पंडाल में देखकर लोग हतप्रभ रह गए। तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी। इस दौरान मौके पर सुरक्षाकर्मियों की बाढ़ सी आ गई।
अतुल के साथ भी कई सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, जबकि विधायक संगीत सोम के साथ भी सुरक्षाकर्मियों का काफिला था। बताया गया है कि अतुल प्रधान के साथ गैर जनपद की एक नेता के सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। दोनों नेताओं की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।


Good