- बरनाला सरिया के दाम 84 रुपये प्रति किलो
- नये काम रुके, व्यापारियों को हो रहा नुकसान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आम आदमी के लिये घर बनाना लगातार महंगा होता जा रहा है। पिछले 10 दिन की ही बात की जाये तो सरिये के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 10 दिन पहले जो सरिया 62 रुपये किलो था। उसके दाम बढ़कर 82 रुपये प्रति किलो पहुंच चुके हैं। जिससे लोगों ने अपने मकान बनाना ही बंद कर दिया है। जो लोग नया घर बनाने की सोच रहे थे। फिलहाल उन्होंने घर बनाने का मन बदल लिया है और जिन लोगों का काम चल रहा है। उन्हें मजबूरन महंगा सरिया खरीदना पड़ रहा है।
बता दें कि रूस और यूके्रन के बीच युद्ध का असर बाजार पर तेजी से दिखाई पड़ रहा है। कहीं लोग पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाये खड़े हैं तो कहीं खाद्य पदार्थों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। उधर, लोहा बाजार में भी लोहे के दाम तेजी से बढ़े हैं। जिस कारण एक आम आदमी को घर बनाना मुश्किल हो रहा है। सीमेंट के दामों में भी तेजी आई है। जिससे चारों ओर से महंगाई ने लोगों को घेर लिया है।
पहले 62 रुपये किलो, अब बिक रहा 82 रुपये किलो
बागपत गेट व्यापार संघ के अध्यक्ष और बंसल स्टील के आॅनर नितिन बंसल ने बताया कि बाजार में लोहे पर एकदम तेजी देखने को मिली है। 10 दिन पहले 12एमएम का सरिया 62 रुपये किलो बिक रहा था। दो-तीन दिन में ही लोहे के दाम 72 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गये और गुरुवार को लोहे के दामों में और भी तेजी आ गई। गुरुवार को लोहे के दामों में 10 रुपये और बढ़ गये और लोहा 82 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। ऐसे में व्यापार पूरी तरह से ठप हो गया है। उधर, बरनाला सरिया की बात करें तो बरनाला सरिया 84 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
जिससे लोग अब काम रोककर बैठक गये हैं। उन्होंने बताया कि जो लोग नया मकान बनाने की सोच रहे थे। उन्होंने अपना कार्य पूरी तरह से बंद कर दिया है और अब वह दाम घटने के बाद ही काम शुरू कराएंगे। उधर, जिन लोगों का काम चल रहा है और कार्य बीच में अटका हुआ है। उन लोगों को मजबूरन महंगा लोहा खरीदना पड़ रहा है।
सीमेंट के दामों में भी तेजी
उधर, सीमेंट के कट्टों पर भी तेजी देखी गई है। सीमेंट की बात करें तो लोहिया नगर स्थित मिलाप स्टोर के आॅनर राजकुमार ने बताया कि सीमेंट के कट्टों के दामों में भी तेजी के साथ वृद्धि हुई है। सीमेंट का अल्ट्राटेक का जो कट्टा पहले 395 रुपये का था, वह अब 405 रुपये तक पहुंच गया है।

इसके अलावा जेके सीमेंट समेत तमाम कंपनियों के सीमेंट के कट्टों पर 5 से 10 रुपये प्रति कट्टा की वृद्धि हुई है। ऐसे में आम आदमी का घर बनाना और भी मुश्किल हो गया है।
सीमेंट और लोहे के दामों के तेजी से बढ़ने के कारण फिलहाल लोगों ने घर बनाने का सोचना बंद कर दिया है। जो लोग पहले आॅर्डर दे चुके थे, वह भी अब माल नहीं उठा रहे हैं।

