- फायर ब्रिगेड ने खोई में लगी आग पर पाया बामुश्किल काबू
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: अपर दोआब शुगर मिल शामली में बॉयलर के पास रखी खोई में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। चंद मिनटों में आग चारों ओर फैल गई। आग लगने से कंट्रोल रूप भी जलकर राख हो गया। फिलहाल, चीनी मिल में पेराई का कार्य बंद है।
गुरुवार की प्रात: अपर दोआब शुगर मिल में पेराई का कार्य चल रहा था। किसान शुगर मिल में गन्ना लेकर पहुंच रहे थे। कर्मचारी एवं अधिकारी भी कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान शुगर मिल के बॉयलर में झोंकने वाली खोई में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई जिससे चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। इतने फायर ब्रिगेड पहुंचती आग ने कंट्रोल रूम को अपनी चपेट में ले लिया।
जिससे कंट्रोल रूम में रखा फर्नीचर, अलमारी, एसी आदि कीमती सामान जलकर राख हो गया है। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की सूचना पर मिल के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक विश्वनाथन भी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि जिस स्थान पर खोई में आग लगी उसके पास ही गैस ब्वॉयलर भी लगा हुआ है।
ब्वॉयलर में झोंकने के लिए खोई वहां रखी गई थी। अगर कर्मचारी और फायर ब्रिगेड आग पर काबू न पाते तो आग बॉयलर तक पहुंच जाती जिससे बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जाता। वहीं मिल अधिकारियों ने शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी कारण से आग लगने की संभावनाओं पर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
दूसरी ओर शुगर मिल की खोइ में आग लगने से शुगर मिल में गन्ना पेराई कार्य बंद कर दिया गया। पेराई बंद होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुगर मिल अधिकारियों का कहना है कि खोई में आग लगने से शुगर मिल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

