जनवाणी संवाददाता |
शामली: मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब में आयोजित चतुर्थ शहीद नायक नवाब सिंह मैमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में देर रात फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी भेंट की गई।
शामली के गांव लिलौन स्थित मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब में तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में मंगलवार देर रात को एयर राइफल पीप साइट स्पर्धा के टॉप-8 फाइनलिस्ट निशानेबाजों के बीच फाइनल मुकाबला हुआ।
जिसमे चार निशानेबाज मेजबान मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब की टीम से और दो बागपत, एक मेरठ तथा एक पानीपत के निशानेबाज शामिल रहे। एयर रायफल फाइनल में चैंपियन और उप चैंपियन का खिताब मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब के निशानेबाज विवेक कुमार शर्मा तथा राहुल कुमार ने प्राप्त किया। दोनों निशानेबाजों ने जिले का नाम रोशन किया।
एयर पिस्टल स्पर्धा के टॉप-8 का फाइनल मुकाबला हुआ जिसमें पानीपत की अन्नू ने चैंपियन और बागपत के वंश चिकारा ने उप चैंपियन का खिताब जीता। इस चैंपियनशिप में शामली सहित पानीपत, मेरठ, दिल्ली, लखनऊ, सहारनपुर, बागपत, मुजफ्फरनगर और रुड़की सहित 200 निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया। चैंपियनशिप में मैच रेफरी नदीम मंसूरी, कपिल शर्मा और राहुल शर्मा रहे।

