जनवाणी संवाददाता |
नूरपुर: गुरुवार की रात सोते समय एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। हमलावरों ने घर पर तोडफ़ोड़ भी की। घायल को उपचार के लिए पीएचसी ले जाया गया। उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रैफर कर दिया।
उधर, सूचना पर एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले हमलावर फरार हो गये। घटना को अंजाम देने में रिश्ते के दामाद व उसके अज्ञात साथियों पर आरोप लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पास के गांव टंडेरा निवासी कथावाचक विरेंद्र शर्मा पिछले चार साल से अपने परिवार के साथ कस्बे के मोहल्ला रामनगर में स्योहारा रोड पर रहते है। वे बताते है गुरुवार को वह और उसकी पत्नी सुनीता शर्मा 45 वर्ष घर पर अकेले थे।
रात करीब 11 बजे अमरोहा जनपद के धनौरा निवासी उनका रिश्ते का दामाद बंटी शर्मा ने अपने आधा दर्जन अज्ञत साथियों के साथ उनके घर धावा बोलते हुए उसकी पत्नी पर गोली चला दी जो पैर के तलवे पर लगी।उसने छिपकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि हमलावरों ने घर पर तोडफ़ोड़ भी की।गोली की आवाज से मोहल्ले में जाग हो गई और दहशत फैल गई।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की बाबत छानबीन की। उधर.परिजन घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर ले गये। जहां चिकित्सको ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए अभी तहरीर मिलने से इंकार किया है।

