नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से अगले सप्ताह ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद ने वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख पैदा किया है। एशियाई बाजारों में आई तेजी का असर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों पर भी दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक हरे निशान में खुले। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 153.82 अंक चढ़कर 81,578.97 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 34.15 अंक बढ़कर 25,007.25 पर कारोबार कर रहा था।
किसे होगा फायदा-किसे नुकसान?
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल, अदाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फिनसर्व हरे निशान पर दिखाई दिए। हालांकि, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और कोटक महिंद्रा बैंक पिछड़ते नजर आए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को एक दिन की राहत के बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 115.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने पिछले दिन 5,004.29 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
तेजी के पीछे प्रमुख कारण
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीद।
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के सफल समापन से निवेशकों में नए उत्साह का संचार।
एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत।
विशेषज्ञ क्या कहते है
विशेषज्ञ का मानना है कि विदेशी निवेशकों की खरीदारी और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक माहौल भारतीय बाजारों को आगे भी सपोर्ट कर सकता है। हालांकि, फेड की आधिकारिक घोषणा और घरेलू महंगाई आंकड़े आने तक उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

