Friday, March 6, 2026
- Advertisement -

टीम इंडिया की वनडे में ऐतिहासिक जीत, पहली बार कोई टीम 300 से अधिक रनों से हारी

जनवाणी ब्यूरो |

नई दिल्ली: टीम इंडिया (Team India) ने वनडे क्रिकेट में नया कीर्तिमान बना दिया है। उसने तीसरे वनडे में (IND vs SL) श्रीलंका को 317 रन से हराया। वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है। मैच में टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए 5 विकेट पर 390 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। विराट कोहली और शुभमन गिल ने शतकीय पारी खेली। जवाब में श्रीलंका टीम 22 ओवर में 73 रन पर सिमट गई।

भंडारा ने चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं की। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 4 विकेट झटके। इसी के साथ भारतीय टीम ने वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। श्रीलंका की टीम कभी भी भारत को उसके घर में वनडे सीरीज में नहीं हरा सकी है। इससे पहले बड़ी जीत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था। उसने 2008 में आयरलैंड को 290 रन से हराया था।

भारत ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में श्रीलंका को 317 रन से हरा दिया। यह रनों के अंतर से वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था। उन्होंने 2008 में आयरलैंड को 290 रन से हराया था।

वहीं, भारतीय टीम का पिछला रिकॉर्ड 257 रन से जीत का था, जो उन्होंने 2007 में बरमूडा के खिलाफ हासिल की थी। शानदार शतक जड़ने वाले विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस सीरीज में उन्होंने तीन मैचों में दो शतक की बदौलत 283 रन बनाए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।

29 25

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 390 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने 116 रन और विराट कोहली ने 166 रन की नाबाद पारी खेली थी। जवाब में श्रीलंका की टीम ने 22 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 73 रन बनाए। अशेन बंडारा चोटिल होने की वजह से मैदान पर नहीं आ सके। इस तरह टीम इंडिया ने 317 रन से जीत दर्ज की। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके और एक खिलाड़ी को रन आउट किया। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले।

वनडे इतिहास की टॉप-5 सबसे बड़ी जीत
टीम अंतर (रन) खिलाफ साल
भारत 317 श्रीलंका 2023
न्यूजीलैंड 290 आयरलैंड 2008
ऑस्ट्रेलिया 275 अफगानिस्तान 2015
दक्षिण अफ्रीका 272 जिम्बाब्वे 2010
दक्षिण अफ्रीका 258 श्रीलंका 2012

भारत ने श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप भी कर दिया। भारत ने पहला वनडे 67 रन और दूसरा वनडे चार विकेट से जीता था। चौथी बार टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में श्रीलंका का क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले 1982/83 में भारतीय टीम ने श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हराया था। इसके बाद 2014/15 में श्रीलंका के भारत दौरे पर पांच मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने 5-0 से जीत हासिल की थी। वहीं, 2017 में भी पांच मैचों की वनडे सीरीज को भारत ने 5-0 से अपने नाम किया था।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 92 गेंदों में 95 रन जोड़े। रोहित अर्धशतक से चूक गए। वह 49 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में कैप्टन ने दो चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद शुभमन ने कोहली के साथ मिलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 110 गेंदों में 131 रन की साझेदारी निभाई।

वनडे में भारत के हाईएस्ट टोटल
स्कोर खिलाफ मैदान साल
418/5 वेस्टइंडीज इंदौर 2011
414/7 श्रीलंका राजकोट 2009
413/5 बरमूडा पोर्ट ऑफ स्पेन 2007
409/8 बांग्लादेश चटगांव 2022
404/5 श्रीलंका ईडन गार्डेंस 2014
401/3 दक्षिण अफ्रीका ग्वालियर 2010
392/4 न्यूजीलैंड क्राइस्टचर्च 2009
392/4 श्रीलंका मोहाली 2017
390/5 श्रीलंका तिरुवनंतपुरम 2023

शुभमन गिल ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 89 गेंदों पर वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ा। यह भारत में उनका पहला अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। इससे पहले शुभमन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ उसके घर में शतक लगाया था। शुभमन-कोहली की साझेदारी को कसुन रजिता ने तोड़ा। उन्होंने शुभमन को क्लीन बोल्ड किया। युवा ओपनर ने 97 गेंदों पर 116 रन की पारी खेली। अपनी पारी में शुभमन ने 14 चौके और दो छक्के लगाए।

इसके बाद कोहली ने श्रेयस अय्यर के मिलकर टीम इंडिया की पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 71 गेंदों पर 108 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच कोहली ने 85 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह उनके वनडे करियर का 46वां शतक रहा। वनडे में सबसे ज्यादा शतक के मामले में अब कोहली सचिन तेंदुलकर से सिर्फ तीन शतक पीछे हैं। सचिन के नाम इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने 49 शतक लगाए थे। कोहली का यह 74वां अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। इस मामले में भी वह बस सचिन से पीछे हैं।

सचिन के नाम 100 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं। वहीं, इस सीरीज का दूसरा शतक रहा। सीरीज के पहले वनडे में कोहली ने 113 रन बनाए थे। पिछली चार वनडे पारियों में यह उनका तीसरा शतक रहा। इस सीरीज से पहले बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे में भी कोहली ने 113 रन की पारी खेली थी। शतक लगाने के बाद कोहली और आक्रामक हो गए। उन्होंने श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। श्रेयस के रूप में टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। वह 32 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस को लाहिरू ने आउट किया।

केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके। राहुल छह गेंदों में सात रन और सूर्या चार गेंदों में चार रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने 106 गेंदों में 150 रन पूरे किए। वह वनडे में सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। ईशान ने 103 गेंदों में 150 रन पूरे किए थे। आखिरी ओवर में भारत ने 18 रन जोड़े।

कोहली 110 गेंदों में 13 चौके और आठ छक्के की मदद से 166 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, अक्षर पटेल दो रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से रजिता और लाहिरू ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, करुणारत्ने को एक विकेट मिला। आखिरी पांच ओवर में भारत ने 58 रन बनाए और तीन विकेट गंवाए।

जवाब में श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। सिराज ने कहर बरपाते हुए अविष्का फर्नांडो (1) और कुसल मेंडिस (4) को पवेलियन भेजा। इसके बाद शमी ने चरिथ असलंका को अक्षर के हाथों कैच कराया। सिराज ने फिर नुवानिडू फर्नांडो (19) और वानिंदु हसरंगा (1) को भी क्लीन बोल्ड किया।

इसके बाद भारतीय स्टार तेज गेंदबाज ने चमिक करुणारत्ने (1) को रन आउट किया। शमी ने दुनिथ वेलालगे (3) को आउट किया, जबकि कुलदीप यादव ने दासुन शनाका (11) और लाहिरू कुमारा (9) को आउट कर श्रीलंका की पारी को समेट दिया।

भारतीय पारी के दौरान जेफरे वेंडरसे और अशेन बंडारा चोटिल हो गए थे। वेंडरसे के कन्कशन रिप्लेसमेंट के तौर पर दुनिथ वेलालगे आए थे, लेकिन अशेन बंडारा बैटिंग के लिए नहीं आ सके। ऐसे में भारत को विजेता घोषित किया गया। सिराज ने चार विकेट झटके, जबकि शमी और कुलदीप को दो-दो विकेट मिला।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

बच्चों को भी देना चाहिए सम्मान

सिद्धार्थ ताबिश मेरा बड़ा बेटा इस बात को सुनकर बड़ा...

युद्ध का सीजन बारहों महीना

जो युद्ध के कारोबारी हैं, उनका सीजन बारहों महीना...

मध्य पूर्व के सतत झगड़े के वैश्विक निहितार्थ

मध्यपूर्व जिसे भारत के संदर्भ में पश्चिमी एशिया कहा...

नीतीश युग का अवसान

बिहार की राजनीति लंबे समय से व्यक्तित्व-केन्द्रित और गठबंधन-आधारित...
spot_imgspot_img