मुजफ्फरनगर: जिले में एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक युवक को चार टाईमर बम के साथ गिरफ्तार किया है, जो उसने खालापार की एक महिला के कहने पर बनाये थे। एसटीएफ व आईबी द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है, जिसमें बड़ी साजिश का खुलासा हो सकता है। पुलिस बम बनाने का आर्डर देने वाली महिला की भी तलाश कर रही है।
एसटीएफ की मेरठ को इनपुट मिला था कि मुजफ्फरनगर में एक व्यक्ति चार टाईमर बम के साथ कहीं जा रहा है और बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलने पर एसटीएफ ने शहर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर काली नदी के पास से खालापार की ओर जाने वाले रास्ते से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से पुलिस ने चार टाईमर बम बरामद कर लिए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जावेद निवासी मिमलाना रोड़ बताया।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने खालापार निवासी एक महिला के कहने पर यह टाईमर बम बनाये थे। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर बमों को निष्क्रिय किया। आईबी के अधिकारियों द्वारा भी आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है, जिसमें किसी बड़ी साजिश का खुलासा हो सकता है।
दादा से सीखा पटाखे बनाना, यूट्यूब से टाईमर बम
एसटीएफ के एसपी ब्रजेश कुमार ने बताया कि जावेद रेडियो बनाने का काम करता था। जावेद के दादा का पटाखे बनाने का काम था, जिससे जावेद ने पटाखे बनाना सीखा था। उन्होंने बताया कि जावेद ने यूटयूब से आईईडी बम बनाना सीख लिया था और वह पहले भी आईईडी बम बनान चुका है। जावेद की ननिहाल नेपाल में है, जहां पर उसका आना-जाना लगा रहता है।