जनवाणी संवाददाता |
बागपत: अहैडा गांव में प्रचार के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई प्रधान पद के प्रत्याशी व उसके परिजनों पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में हमला करने वाले रामपाल पंवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही अन्य नामजद की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।
अहैडा गांव में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयकरण सिंह का छोटा भाई हरकरण सिंह प्रधान पद का प्रत्याशी है और वह बुधवार को चुनाव प्रचार करने के लिए अपने परिवार के उपेन्द्र, राजेश उर्फ लल्लू व अशोक के साथ घर-घर जाकर वोट मांग रहा था।
इसी दौरान रामपाल पंवार ने अपने बेटे, भतीजे व अन्य लोगों के साथ मिलकर उनपर हमला कर दिया था, जिसमें सभी घायल हो गए। दो को गोली लगी थी और अन्य पर लाठी डंडों से हमला हुआ था। इस मामले में पीड़ितों ने पांच को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी।
जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामपाल पंवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और उसपर 307, 308 सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुलिस अन्य हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा कर रही है। वहीं गांव में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा से संघर्ष न हो सकें।

