जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ट्रायल के दौरान एक प्रतिभागी का एक तीर गाजीपुर निवासी खिलाड़ी के सिर में घुस गया।
उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे स्टेडियम में हड़कंप मच गया।
कैलाश स्टेडियम में बुधवार को सब जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें प्रदेश भर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। गाजीपुर के खिलाड़ी अरुण पाल भी इसमें भाग ले ले रहे थे। इस दौरान एक तीर अरुण के सिर में आ लगा। तीर उनके सिर में घुस गया।
इस घटना से स्टेडियम में खलबली मच गई। खिलाड़ी को गंभीर हालत में पास के जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्लास्टिक सर्जन डा. नितिन गुप्ता अपनी टीम के साथ खिलाड़ी का आपरेशन कर रहे हैं।
तीरंदाजी और स्टेडियम से जुड़े अधिकारी और कई खिलाड़ी अस्पताल में मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि किसी दूसरे खिलाड़ी का तीर निशाने से भटक कर अरुण के सिर में लग गया था।
किस्मत अच्छी थी कि तीर सिर को टच करते हुए निकल गया। अगर किसी नाजुक जगह पर लगता तो जान जोखिम में पड़ जाती।

