- शुरू हुआ खूनी पुल के निर्माण का काम
- नागरिकों और दुकानदारों ने कहा-थैंक्स जनवाणी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दैनिक जनवाणी में सचित्र समाचार प्रकाशित होने के साथ ही जीआईसी के सामने गुरुद्वारा रोड जाने वाले खूनी पुल की क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

दुकानदारों के अनुसार यह पुल काफी समय से क्षतिग्रस्त रहा है। साथ ही नाले पर डाला गया लिंटर भी टूटा हुआ है। इस खूनी पुल पर आए दिन होने वाले हादसों के चलते लोगों ने दो दिन पहले पुलिस बैरिकेडिंग को ही टूटे हुए पुल और लिंटर के बीच फंसा दिया था।

इस संबंध में दैनिक जनवाणी ने सचित्र समाचार प्रकाशित किया था। इसका असर यह हुआ कि नगर निगम के अधिकारियों ने ठेकेदार के माध्यम से पुल बनाने का काम शुरू करा दिया है। क्षेत्र के दुकानदारों ने इसके लिए दैनिक जनवाणी को धन्यवाद दिया है।
इसी माह चालू हो जाएगा नानू पुल
मेरठ: नानू गंगनहर पुल का निर्माण तो फाइनल हो चुका हैं। साथ ही अप्रोच रोड बनाई जा रही हैं। फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में ही अप्रोच रोड का निर्माण पूरा कर दिया जाएगा। यह माना जा रहा है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही नानू गंगनहर का पुल पर आवागमन चालू कर दिया जाएगा। लंबे समय बाद पुल का निर्माण हुआ हैं। नानू पुल निर्माण को लेकर आंदोलन भी हुआ। कुछ लोग धरने पर बैठे और अनशन तक चालू कर दिया था।

क्योंकि पुल जर्जर होने के कारण कभी भी गिर सकता हैं, इसकी संभावना पुराने पुल को लेकर सिंचाई विभाग ने जताई थी। इसके लिए नोटिस भी चस्पा कर दिया था। वर्तमान में जर्जर पुल के बराबर में एनएचएआई ने नये पुल का निर्माण पूर्ण कर दिया हैं। इसकी अप्रोच रोड का निर्माण वर्तमान में चल रहा हैं। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह में अप्रोच रोड को चालू कर दिया जाएगा।

