- किसानों ने इंडेंट बढ़ाने और गन्ना भुगतान की मांग
जनवाणी संवाददाता |
ऊन/शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने ऊन सुप्रीनियर फूड ग्रेन्स चीनी मिल के क्रयकेन्द्र ढिंढ़ाली प्रथम और सिकंदरपुर का औचक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी को दोनों क्रयकेन्द्रों पर तौल कार्य सही पाया गया।
शनिवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अपने भ्रमण निरीक्षण के दौरान क्रय केन्द्र ढिंढ़ाली प्रथम पर निरीक्षण के दौरान किसान मलखान की गन्ने से भरी बोगी का वजन किया तो वह 29.50 किलोग्राम पाया गया जिस पर पांच कुंतल के मानक बाट रखे गए तो वजन 34.85 कुंतल प्रदर्शित करता पाया गया। यहां तौल सही पाया गया। वहां मौजूद किसानों ने गत वर्ष का गन्ना मूल्य भुगतान कराने तथा क्रयकेन्द्र पर निरन्तर तौल चालू रखे जाने और इंडेंट बढ़ाकर दिए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं के प्रभावी समाधान कराने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए। साथ ही चीनी मिल ऊन के गत का वर्ष का अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान 31 दिसंबर तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय क्रयकेन्द्र पर उपस्थित किसानों ने जिलाधिकारी से ग्राम ढिंढ़ाली तथा ऊन के आसपास स्थित धर्मकाटों की शुद्धता की जांच कराने की भी मांग की जिसपर जिलाधिकारी ने बाट-माप विभाग से धर्मकाटों की शुद्धता की जांच कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के समय क्रयकेन्द्र सिकंदरपुर पर किसानों ने समानुपातिक आपूर्ति पर संतोष व्यक्त करते हुए गत वर्ष का गन्ना मूल्य भुगतान दिलाए जाने का अनुरोध किया। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने क्रयकेन्द्र पर उपस्थित किसानों से विस्तृत संवाद करते हुए गन्ना उत्पादन से लेकर गन्ना आपूर्ति तक के बारे में आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त की
इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह,नायब तहसीलदार सचिन कुमार वर्मा, गन्ना विकास समिति लि. सचिव अजीत कुमार सिंह, मिल अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

