- अपराध पर अंकुश और लंबित घटनाओं का खुलासा नवागत इंस्पेक्टर के लिए बड़ी चुनौती
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: नवागत प्रभारी निरीक्षक के लिए किठौर की डगर फिलहाल आसान नहीं। वजह लचर कार्यप्रणाली के चलते निवर्तमान इंस्पेक्टर चुनौतियों का एक ऐसा पुलिंदा छोड़ गए हैं। जिनसे पार पाना खुद एक बड़ी चुनौती है। काबिले गौर ये है कि नए प्रभारी चुनौतियों भरे सफर में कहां तक कामयाब होंगे।
जिले के नामचीन किठौर क्षेत्र में फिलहाल अपराध की बाढ़ सी आई हुई है। इसके कारण तलाश कर तुरंत अंकुश लगना और लंबित जघन्य अपराधों के खुलासे जरूरी भी हैं और चुनौती भी। दृष्टव्य कि नवागत इंस्पेक्टर क्राइम इन चुनौतियों से निपटेंगे या निवर्तमान इंस्पेक्टर सुनील सिंह की तरह पल्लाझाड़ रवैया अपनाए रखेंगे।
घटनाएं जिनके खुलासे का बेसब्री से इंतजार
- गत 14 जनवरी को नंगली अब्दुल्ला निवासी अर्जुन की छह वर्षीय पुत्री लवी घर के बाहर से अचानक लापता हो गई। 22 फरवरी को उसका बोरे में बंद शव घर से सौ मीटर दूर जीर्णशीर्ण अवस्था में मिला, लेकिन मासूम लवी की निर्ममता से हत्या क्यों और किसने की ये अभी तक अनसुलझी पहेली बना है।
- 14 जुलाई को नंगली किठौर निवासी पंकज व पप्पू से सशस्त्र 3-4 बदमाश 10 हजार नकदी, मोबाइल व पैशनप्रो बाइक लूटकर ले गए खुलासा आज तक नहीं हुआ।
- 09 अगस्त को कासमपुर शौल्दा मार्ग पर पुलिया के निकट डीजेटी फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट बहसूमा निवासी सागर से बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों द्वारा फायरिंग व मारपीट कर 70 हजार नकदी और कागजात लूटे।
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी भी चुनौती
- 27 जुलाई को किठौर में दिनदहाड़े हुए गुलफराज हत्याकांड में फरार आरोपी सलमान और प्रकाश में आए शाहिद अशफाक की गिरफ्तारी
- ललियाना में पूर्व व वर्तमान प्रधान समर्थकों में रंजिशन हुई मारपीट में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी
- 02अगस्त को इंद्रपुरा में जलाभिषेक को लेकर अंकित और सुंदर पक्ष में हुई मारपीट, पथराव फायरिंग में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी
अवैध धंधों पर लगेगा प्रतिबंध?
माछरा व शाहजहांपुर क्षेत्र में बिक रहे मादक पदार्थों, जुए सट्टे के अलावा खादर में हो रहे अवैध खनन, कब्जों पर भी नवागत इंस्पेक्टर अंकुश लगाएंगे?
जयदेवी नगर में पुलिस कर्मियों को घेरा, जमकर हंगामा
मेरठ: जयदेवी नगर में चोरी के मामले की जांच को पहुंची नौचंदी पुलिस को जयदेवी गली नंबर-7 के लोगों ने घेर लिया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाले हिरासत में लिए गए चोर की पैरवी के बजाए उल्टे जिने यहां चोरी हुई है उनको धमका रहे थे। हालांकि इंस्पेक्टर नौचंदी इलम सिंह ने तमाम आरोपों को खरिज किया और बताया कि पीड़ित सुनील की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।
जयदेवी नगर में कुछ समय से चोरी की वारदातें लगातार हो रही हैं। अब तक शिवम पुत्र सुनील व सचिन पुत्र श्रीराम के यहां चोरी हो चुकी है। अब देर रात राम नरेश पुत्र भगवत प्रसाद के के यहां चोरी की वारदात की नियत से बदमाश घुसा। हालांकि जाग हो गयी तो बदमाश भाग गया। लेकिन घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी। सूचना पर पुलिस की जीप मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि जीप को देखकर बदमाश एक जगह छीप गया। वहां पहुंचकर जब पुलिस की जीप का हूटर बजा तो चोर ने कूदकर भागने का प्रयास किया, जिसमें उसकी टांग टूट गई।
पुलिस ने उसको अस्पताल में भर्ती कराया। लोगोें का आरोप है कि मंगलवार को दिन में पुलिस वाले आए। उन्होंने बजाए चोरी का शिकार हुए परिवार वालों से घटना की जानकारी लेने के यहां पूछना शुरू कर दिया कि चोर को किस-किस ने पीटा। उन्होंने दो मकानों की डीवीआर भी उतार ली। पुलिस के रवैये से वहां आक्रोश फैल गया। लोग जमा होने लगे। उन्होंने पार्षद प्रवीण अरोरा को बुला लिया। उसके बाद पुलिस वाले वहां से तेजी से निकल गए। हालांकि इंस्पेक्टर नौचंदी इलम सिंह ने बताया कि पुलिस वालों के साथ कोई बात नहीं हुई है। वो जांच को पहुंचे थे। चोरी का मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका है।

