- गोभी, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी, बैगन व आलू के दाम लगातार उछाल पर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: इस वक्त न शादियों का सीजन है और न ही बाजार में सब्जियों की बहुत ज्यादा डिमांड है, इसके बावजूद मंडी और शहर में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। पहले ऐसा होता था कि मंडी में सब्जी सस्ती होने के बाद भी मोहल्लों में सब्जियां मनमाने दामों पर बिकती थी, लेकिन अब मंडी और रिटेल की सब्जियों में थोड़ा बहुत अंतर ही रह गया है।
गोभी, पत्ता गोभी, बैंगन, टमाटर और शिमला मिर्च आदि के भाव सुनकर ग्राहक खामोशी से आगे निकल रहा है। नवीन मंडी के व्यापारियों का कहना है कि बारिश के कारण दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियों के आवक पर बुरा असर पड़ा है, इस कारण सब्जियों के दाम मंहगे हो गए हैं।
सब्जी मंडी में मटर, बंदगोभी, फूलगोभी, टमाटर और खीरा के दाम आसमान पर पहुंच गए है। दूसरे राज्यों में हो रही बारिश के चलते वहां पर इसका असर हरी सब्जियों की फसल पर पड़ा है। जिसके बाद हरी सब्जियों की आवक भी दिल्ली रोड स्थित सब्जी मंडी और लोहिया नगर सब्जी मंडी पर कम हो गई है।

इन दोनों सब्जी मंडी से आसपास के जिलों में सब्जी सप्लाई की जाती है। दिल्ली रोड सब्जी मंडी के थोक विक्रेता विश्वजीत सोनकर ने बताया कि इस समय टमाटर के भाव लगातार बढ़ रहे हैं। इसने लोगों की सब्जी के स्वाद को फीका कर दिया है।
आढ़तियों की माने तो मानसून आने के बाद हुई बारिश के चलते कुछ राज्यों में सब्जी की फसल बर्बाद हो गई। इससे अब मंडी में आवक पर असर पड़ रहा है। आवक कम होने और मांग अधिक बढ़ने से दाम लगातार बढ़ रहे है। दूसरे राज्यों से मेरठ में टमाटर, मटर, गोभी, धनिया पत्ती, पत्तागोभी, बींस, प्याज आदि आतें है।
इस समय कई राज्यों में बारिश के कारण फसल खराब होने और हाइवे बंद होने से वहां से सब्जियां मंडी तक नहीं पहुंच पा रही है। इस कारण अब मंडी में मटर, टमाटर, अदरक, गोभी, बींस, धनिया पत्ती, पत्ता गोभी की कीमतें बढ़ गई है। सब्जी के थोक कारोबारी शकील ने बताया कि इस समय मटर के मंडी में थोक भाव 150 से 160 रुपये किलो है।
जोकि फुटकर में 180 और 200 रुपये किलो तक बिक रहे हैं। ऐसे ही टमाटर सब्जी मंडी में थोक में 40-50 रुपये प्रति किलो हैं और खुदरा में यही भाव 60-70 रुपये हैं। इसके पीछे की वजह दक्षिण से आने वाले टमाटरों की फसल का खत्म होना और शिमला और बैंगलोर से टमाटर मंडी पहुंचना है। गुरुवार को पत्ता गोभी 80 रुपये, फूल गोभी 100 रुपये, बैगन 60 रुपये, आलू 25 रुपये, शिमला मिर्च 125 रुपये प्रति किलो बिक रही थी।

