जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: आसमान में घने बादलों की चादर छाई हुई है और बीते दो दिनों से धूप नहीं निकली है। लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम पूरी तरह बदल गया है। ठंड में इज़ाफा हुआ है और शीतलहर का असर तेज़ी से देखने को मिल रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक बारिश और ठंड का यही दौर जारी रहेगा। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं बारिश के चलते प्रदूषण स्तर में भारी गिरावट आई है, जिससे लोगों को सांस लेने में राहत मिली है।
किसानों के लिए राहत की खबर
लगातार हो रही बारिश से गेहूं, चना, सरसों सहित अन्य रबी फसलों को अच्छा लाभ मिल रहा है। नमी मिलने से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी, जिससे उत्पादन बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

