Home Uttar Pradesh News Meerut यहां लगती है बोली, बिकती हैं सड़कें

यहां लगती है बोली, बिकती हैं सड़कें

0
यहां लगती है बोली, बिकती हैं सड़कें

मर्ज बढ़ता ही गया ज्यों-ज्यों दवा की। कुछ ऐसा ही हाल जिले की पार्किंग व्यवस्था व सड़क पर हो रहे व्यवसाय का है। फुटपाथ तक काबिज दुकानें और सड़क पर खड़े बेतरतीब वाहन लोगों की मुसीबतें बढ़ा रहे हैं। प्रशासन की उदासीनता के चलते बिन इलाज शहर का मर्ज बढ़ता ही जा रहा है। सड़क पर मरम्मत के लिए खड़े वाहन, सड़क पर अवैध पार्किंग, अनलोड करते वाहन, फुटपाथ पर वाहनों की सजी दुकानें सड़क को संकरा ही नहीं कर रही बल्कि आए दिन दुर्घटना को दावत दे रही हैं। अवैध पार्किंग और सड़क पर चल रहे व्यवसाय के चलते जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। ये काम प्रशासन की सरपरस्ती में हो रहा हो या प्रशासन की उदासीनता से, कुछ भी हो, सड़क तक फैली दुकानें, रास्ते में खड़े वाहन के बीच आम आदमी किसी तरह बचकर निकलने को विवश है। उसकी यह विवशता हुक्मरानों से सवाल करती है कि आखिर कब इस जाम व स्थिति से निजात मिलेगी।

  • अवैध वसूली से बदली ट्रैफिक व्यवस्था
  • शहर में अवैध पार्किंग के कारण लगता है जाम

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: क्रांतिधरा ट्रैफिक जाम से जूझ रहे शहर की सड़कों पर पार्किंग माफिया का कब्जा हो चुका है। कैंट और निगम के क्षेत्र में पिछले कई साल से पार्किंग माफिया चांदी काट रहे हैं। निगम के मुताबिक निगम क्षेत्र में कोई अधिकृत पार्किंग नहीं हैं। इसके उलट शहर में कई जगह अवैध पार्किंग चल रही हैं। शहर में जगह-जगह वाहनों को खड़ा करने के नाम पर काटी जा रही पर्चियों का आखिर क्या खेल चल रहा है?

02 15

जनवाणी संवाददाता द्वारा इसका पता लगाने की कोशिश की गई। शहर में कई जगह अलग-अलग नाम से पर्चियां काटी जा रही हैं। इन पर्चियों पर नगर निगम का जिक्र तक नहीं है, जबकि पार्किंग की पर्चियां नियमानुसार नगर निगम की ओर से अधिकृत होनी चाहिए। इन पर्चियों पर ठेकेदार के नाम भी पूरे नहीं लिखे गए हैं। शहर की सड़कों की बात की जाये तो कोई सड़क ऐसी नहीं हैं जहां अवैध रूप से वाहनों को पार्क न किया जा रहा हो।

शहर की सड़कों की हालत पार्किंग के कारण हमेशा खराब रहती हैं। अवैध पार्किंग के कारण हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है लेकिन न तो संबंधित विभाग और न ही ट्रैफिक पुलिस इस ओर कोई ध्यान नहीं देता। यहां सड़कों की बोली लगती है और पार्किंग ठेकेदार अपनी मनमानी करते हैं जिसका खामियाजा मासूम जनता को उठाना पड़ता है।

एफआईआर के बावजूद चल रही पार्किंग

शहर के पॉश एरिया सदर बाजार चौक, शिव चौक की बात करें तो यहां कैंट बोर्ड के पार्किंग ठेकेदार ने अवैध रूप से सड़कें तक कब्जा रखीं है। शिव चौक के पास ही बंगला नंबर-210 बी की खाली जमीन पर भी अवैध रूप से पार्किंग की जाती है और उसके अलावा सड़क किनारे कहीं भी वाहन खड़े करा दिये जाते हैं। जिसके कारण यहां सदर की ओर जाने वाले मार्ग पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है और कोई सुधार नहीं होता। यहां बंगला नंबर-210 बी की जमीन की बात करें तो यहां से पार्किंग खत्म करने के लिये कैंट बोर्ड ने यहां चारों ओर खुदाई तक करा दी थी, लेकिन उसके बावजूद यहां वाहन खड़े होते रहे जिसके चलते कैंट बोर्ड ने इस मामले में एफआईआर तक दर्ज करा दी, लेकिन अभी भी यहां हालात नहीं सुधरे हैं।

आबूलेन दास मोर्ट्स के सामने भी हमेशा लगता है जाम

03 13

आबूलेन शहर के मुख्य बाजारों में एक हैं, लेकिन यहां भी नंदन सिनेमा के सामने से लेकर फव्वारा चौक तक वाहन चालक कहीं भी वाहन खड़ा कर देते हैं। जबकि कैंट बोर्ड की ओर से सड़क के बीच में छोटे वाहन और आबूनाले के पुल के पास पार्किंग की अलग से व्यवस्था कराई गई है, लेकिन उसके बावजूद यहां हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग ठेकेदार यहां बीच सड़क पर कहीं भी वाहन खड़ा कर देते हैं। जिससे यहां जाम लगा रहता है, लेकिन कोई देखने वाला नहीं होता।

गंगा प्लाजा के सामने सड़कों पर खड़े रहते हैं वाहन

बेगमपुल की ओर जाने वाले मार्ग पर गंगा प्लाजा के सामने अवैध रूप से खुलेआम पार्किंग की जाती है। यहां पार्किंग ठेकेदार सड़कों पर ही वाहन खड़ा करा देते हैं। जिस कारण यहां से लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कोई दिन ऐसा नहीं जाता, जिस दिन यहां जाम न लगता हो, लेकिन न तो नगर निगम और न ही ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी इस समस्या का समाधान करते हैं। जिसके चलते पार्किंग ठेकेदार अपनी मनमानी करता है और यहां अवैध रूप से वाहनों को खड़ा कराया जाता है।

विशाल मैगामार्ट के सामने अवैध पार्किंग

नगर निगम ने यहां गढ़ रोड और हापुड़ रोड स्थित सभी मॉल और अस्पतालों को सड़क के किनारे कॉम्प्लेक्स के सामने वाहन खड़े कराने से मना किया था। इस संबंध में अभियान चलाकर पार्किंग भी हटाई गई थी, लेकिन अभी तक यहां गढ़ रोड पर हालात नहीं सुधरे हैं। गढ़ रोड स्थित विशाल मैगामार्ट के सामने पार्किंग ठेकेदार यहां अवैध रूप से पार्किंग चला रहा है और उसे कोई रोकने वाला नहीं है। यहां विशाल मैगामार्ट के सामने अवैध रूप से वाहनों को खड़ा कराया जाता है जिस कारण यहां भी अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन इस संबंध में कोई ध्यान नहीं दिया जाता। अधिकारी पूरी तरह से इस ओर आंखे बंद करे बैठे हैं।

कचहरी के सामने सड़क पर अवैध पार्किंग

मेरठ कालेज के सामने कचहरी के मेन गेट के सामने की बात करें तो यहां नगर निगम की ओर से पार्किंग कराई जाती है। यहां पार्किंग ठेकेदार सड़क पर ही वाहनों को खड़ा कराता है और ट्रैफिक पुलिस यहां मूकदर्शक बनी रहती है। सड़कों पर अवैध रूप से पार्किंग चल रही है और कोई कुछ करने वाला नहीं है। यही हाल आबूलेन स्थित सदर चौक का है और यही हाल शहर के कचहरी की पार्किंग का है। पूरे शहर में अवैध पार्किंग कराने वालों के कारण जाम लगा रहता है और कोई कुछ करने को तैयार नहीं है।

ट्रैफिक पुलिस उगाही में व्यस्त, जाम की नहीं चिंता

ट्रैफिक पुलिस की बात की जाये तो शहर में सड़कों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों को उठाने के लिये ट्रैफिक पुलिस का दस्ता शहर में घूमता रहता है, लेकिन यह दस्ता केवल आम लोगों को ही पेरशान करता है। यहां पार्किंग ठेकेदार सड़कों पर पार्किंग चला रहे हैं। वहां उनके खिलाफ ट्रैफिक पुलिस कोई कार्य नहीं करती। जिसके चलते आम आदमी को परेशान होना पड़ता है।

जो अवैध रूप से सड़कों पर वाहन खड़ा कर रहे हैं। उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। उनका ठेका खत्म कराया जायेगा।                               -जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक

कैंट बोर्ड की ओर से एफआईआर करा दी गई थी। पुलिस ने अभी तक कोई ऐक्शन नहीं लिया है। बोर्ड की ओर से कहीं भी इस प्रकार की पार्किंग नहीं होने दी जायेगी। यह 210 बी डीईओ के अंतर्गत आता है। कैंट बोर्ड की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है, पुलिस को इसमें एक्शन लेना है।

-जयपाल तोमर, कार्यालय अधीक्षक कैंट बोर्ड