जनवाणी ब्यूरो |
शामली: यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने बजट को ऐतिहासिक व स्वागत योग्य बताया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, गांव-गरीब, किसान, नौजवान, सड़क, बिजली-पानी, आत्म निर्भर भारत को केंद्र मानकर यह बजट प्रस्तुत किया गया है। यह बजट देश के हर तबके के लिए लोक-कल्याण का बजट है। किसानों की लागत से डेढ़ गुना ज्यादा दाम पर एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करना भी अपने आप में ऐतिहासिक कदम है।
आम बजट में केंद्रीय मंत्री ने जहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में की धनराशि में बढ़ोतरी कर देश के किसान को राहत देने का काम किया है। इसके अलावा फसल ऋण के बजट में 1.5 लाख करोड़ की बढ़ोतरी की गई है। इसका फायदा भी किसान को मिलेगा।
बजट में देश की जनता के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा गया है। इसके चलते कोरोना वैक्सीन के लिए जहां 35 हजार करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है, वहीं आत्मनिर्भर भारत स्वास्थ्य योजना के तहत 2.23 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है।
जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर ने कहा कि इस धनराशि से देश में 75 हजार ग्रामीण हेल्थ सेंटर के अलावा 9 बॉयो लैब का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, गरीब महिलाओं के लिए एक करोड़ उज्जवला कनेक्शन और दिए जाएंगे। शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए हायर एजुकेशन कमीशन का गठन होने के साथ-साथ देश के सैनिकों के बच्चों के लिए 100 सैनिक स्कूल खुलेंगे। साथ ही, सोने-चांदी पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर 12.5 प्रतिशत की गई जिससे सोना-चांदी मंदा होगा और गरीब आदमी अपने बच्चों के हाथ पीले कर सकेंगे।

