-
सड़क पर खड़े होकर बनवा रहे थे बाइक, कार ने मार दी टक्कर, ईद की खुशियां मातम में बदली
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: शनिवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खतौली गंग नहर पटरी पर कार से कुचले जाने के बाद तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे से कोहराम मच गया। मरने वालों में दो सगे भाई और उनमें से एक की पत्नी शामिल है। हादसा तब हुआ जब खराब बाइक को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा था।

गंग नहर पटरी पर शनिवार की देर शाम खराब बाइक को ठीक कर रहे दो सगे भाइयों और पास में खड़ी एक भाई की पत्नी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस दौरान दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा। मरने वालों में खतौली क्षेत्र के गांव पाल निवासी इस्तकार उर्फ जुम्मा (45), उनकी पत्नी मलिका (38) और इस्तेखार के भाई नवाब (40) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम इस्तकार अपनी पत्नी के साथ बाइक से खतौली के जैननगर में ईद मिलने जा रहा था।


