जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और मुंबई में खिलौना बम से दहशत फैलाने की साजिश रच रहे दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार संदिग्ध मोसाब अहमद और मोहम्मद हमाद कालरा को महाराष्ट्र के कल्याण और कुर्ला से गिरफ्तार किया गया।
आईएस और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आरोप
दोनों आतंकियों का संबंध आईएस से था और वे पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक हैंडलर से संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार दोनों “मिशन खिलाफत” और “सोल्जर ऑफ प्रॉफेट” समूहों से जुड़े हुए थे और पाकिस्तान में जैश कमांडर के निर्देशों के तहत काम कर रहे थे।
गिरफ्तारी और बरामदगी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई एटीएस के सहयोग से रविवार को दोनों आतंकियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से आपत्तिजनक दस्तावेज, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। जांच एजेंसियां मामले की विस्तार से जांच कर रही हैं।
इंटरनेट से सीखकर कर रहे थे साजिश की तैयारी
संदिग्ध आतंकियों ने इंटरनेट के माध्यम से खिलौना बम बनाने की तकनीक सीखी थी और दिल्ली व मुंबई में धमाकों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। मुंबई एटीएस ने पहले भी आईएस से जुड़े कुछ आतंकियों को गिरफ्तार किया था, जिनसे पूछताछ में इन दोनों की जानकारी मिली।
कट्टरपंथी युवाओं को भड़काने का मामला
पुलिस ने बताया कि दोनों आतंकी भारत में कट्टरपंथी युवाओं को भर्ती करते थे। उनका मकसद आईएस के एजेंडे को आगे बढ़ाना और कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार करना था। युवाओं को भड़काऊ सामग्री के माध्यम से कट्टरपंथी बनाया जा रहा था और हथियार पाकिस्तान और अफगानिस्तान से मुहैया कराए जा रहे थे।

