- शहर में बदमाश बेखौफ, हर दिन नई वारदातें, इंस्पेक्टर नौचंदी लाइन हाजिर
- व्यापारियों ने की पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित गांधी नगर में बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में सुरंग बनाकर लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। बदमाशों ने नाले में घुसकर ज्वेलरी शॉप तक सुरंग बनाई और अंदर रखे सोने चांदी के जेवरात और कीमती सामान समेट लिया। शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर उसकी डीवीआर निकालकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही तमाम व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा और नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया।
नौचंदी थाना क्षेत्र गांधी नगर मकान नंबर-7 निवासी पीयूष गर्ग की नन्दन सिनेमा के सामने न्यू अम्बिका ज्वेलर्स के नाम से शॉप है। पीयूष गर्ग आरएसएस में सूरजकुंड बौद्धिक प्रमुख हैं। शॉप पर पीयूष और उनके भाई सौरभ गर्ग ज्वेलरी कारोबार को संभालते हैं। रविवार की रात दोनों ज्वेलर्स करीब साढ़े आठ बजे शॉप बंद करके अपने आवास पर चले गए थे।

सोमवार को अवकाश था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पीयूष गर्ग शॉप पर पहुंचे और ताला खोला। शॉप का ताला खोलकर शटर उठाया तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। बदमाशों ने शॉप में एक गहरी सुरंग बनाकर बना ली थी। शॉप में सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी उन्होंने व्यापारियों को दी।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस क ो देखते ही व्यापारी भड़क गए और नारेबाजी करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। ज्वेलर्स पीयूष गर्ग ने बताया कि सोने के आभूषण और चांदी के बर्तन व चांदी के आभूषण रखे थे। करीब 13 लाख कीमत के जेवरात चोरी हुए हैं। उधर, व्यापारियों ने हंगामा करते हुए एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को मौके पर बुलाने की मांग की।

व्यापारियों ने चार बार ज्वेलर्स के यहां सुरंग बनाकर चोरी की वारदात करने पर थानेदारों को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि देहली गेट थाना, नौचंदी थाना और रेलवे रोड थाना पुलिस उगाही में लगी है। व्यापारियों के साथ होने वाली घटनाओं में थानेदार लापरवाह बने हुए हैं। इसलिए तीनों थानेदारों को हटाया जाए। उधर, देर रात एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने नौचंदी थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
सुबह नौ बजे तक हट जाआगे एसपी सिटी साहब!
भाजपा उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक विनीत शारदा न्यू अम्बिका ज्वेलर्स के यहां चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पहुंच गए। उनके आते ही संयुक्त व्यापार संघ ने उन्हें घेर लिया और व्यापारियों के यहां होने वाली चोरी की वारदातों का विरोध किया।
व्यापारियों के उग्र तेवर देखते हुए विनीत शारदा ने एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह से कहा कि शहर में लगातार लूट चोरी की वारदात हो रही हैं। मैं यूपी व्यापार प्रकोष्ठ का संयोजक हूं। आप पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था नहीं संभल रही है। मेरा ग्रह जनपद है, इसलिए मेरे शहर के व्यापारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी बनती है। एसपी सिटी साहब अगर घटना नहीं खुली तो सुबह नौ बजे तक हट जाओगे।
विनीत शारदा ने आईजी को मिलाया फोन
संयोजक विनीत शारदा ने व्यापारियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए जब एसएसपी की जानकारी मेरठ में न होने की मिली तो उन्होंने आईजी को फोन मिलाया और शहर में होने वाली घटना से अवगत कराया। विनीत शारदा आईजी नचिकेता झा को मौके पर बुलाते रहे, लेकिन आईजी मौके पर नहीं आए। वहीं, उसके बाद विनीत शारदा ने डीएम से वार्ता की और मौके पर बुलाने के लिए कहा। वहीं डीएम ने वार्ता के बाद मौके पर एसडीएम को भेजा।
बुलियन ट्रेडर्स व्यापारियों की बैठक आज
बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन महामंत्री ने बताया कि सराफा बाजार में मंदिर महादेव प्रांगण में एक बैठक तीन बजे आहुत की गई है। ज्वेलर्स के साथ होने वाली अपराधिक घटनाओं को लेकर एसएसपी से पूर्व की घटनाओं व वर्तमान घटनाओ पर विचार विमर्श किया जायेगा।

वहीं उन्होंने कहा जिस तरह से सराफा व्यापारी मेरठ को स्वर्ण नगरी में विकसित करने में लगे हैं, लेकिन इस तरह की घटनाओं से व्यापारी हतोत्साहित होता है। मौके पर बुलियन ट्रेडर्स अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, महामंत्री विजय आनंद, संदीप अग्रवाल, मनोज गर्ग, लोकेश आदि अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
तिजोरी पर गैस कटर के निशान मिले
बदमाशों ने शॉप में सुरंग बनाकर घुसने के बाद तिजोरी को भी गैस कटर से काटने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाये। वहीं बदमाशों ने फर्श पर तीन इंच मोटी स्लैब को काटकर सरिया काटकर अंदर घुसे, उस दशा में बदमाशों के पास सरिया काटने के लिए कोई औजार या गैस कटर होगा। मौके पर फर्श की दो टाइल्स हटाकर बदमाश सुरंग बनाकर अंदर पहुुचे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर शॉप में बदमाशों के फिं गर निशान लिए और कई साक्ष्य संकलन किए हैं।
बदमाश लिखकर गए सॉरी भाई चोरी करना हमारी मजबूरी है माफ करना
चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश सुरंग खोदकर दुकान में चोरी करने के दौरान वहां पर रजिस्टर में लिखकर गए हैं कि सॉरी भाई हमारी मजबूरी है चोरी करने की। माफ कर देना, पर आपका फर्श बहुत मजबूत था, जिस तरह से बदमाशों ने यह संदेश लिखकर छोड़ा है।
उस लिहाज से बदमाश बेहद शातिर और चालाक हैं। वे जानते हैं तीन बार दुकानों में सुरंग बनाकर उन्होंने वारदात की है, लेकिन पुलिस उन्हें आज तक नहीं खोज पाई है। पुलिस को चैलेंज अंदाज में बदमाशों ने लिखकर सीधे तौर पर चुनौती दी है।

