- गैंगस्टर में चल रहे थे दोनों वांछित, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के दौरान बालैनी पुलिस ने सोमवार को बुढ़सैनी-अमीनगर सराय मार्ग स्थित पीर बाबा के मंदिर के पास से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे दो शाति अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तरी पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए बदमाशों को जेल भेज दिया है।
इनामी व शातिर बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाये जारहे अभियान के दौरान सोमवार को सुबह बालैनी पुलिस ने बुढ़सैनी-अमीनगर सराय मार्ग पर स्थित पीर बाबा मंदिर के पास से 25 -25 हजार के इनामी बदमाश नितिन उर्फ जिंद पुत्र महीपाल निवासी मतानतनगर तथा राजन पुत्र उम्मेद निवासी बुढ़सैनी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी के अनुसार दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं और उन्हें गैंगस्टर एक्ट में निरूद्ध किया गया था। वह काफी दिनों से फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि नितिन के विरूद्ध थाना बालैनी के अलावा दिल्ली व अन्य थानों में लूट, चोरी, गुंड़ा एक्ट, शस्त्र अधिनियम व गैंगस्टर एक्ट में करीब 15 मुकदमें दर्ज हैं जबकि राजन के विरूद्ध चोरी, लूट व गैंगस्टर एक्ट में तीन मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से न्यायिक हिरासत में उन्हें जेल भेज दिया गया है।

