- एके-47 प्रकरण में थानाभवन पुलिस ने मांगा था रिमांड
- गुरुवार सुबह आठ बजे से रिमांड का समय होगी शुरू
जनवाणी संवाददाता |
शामली: थानाभवन में एके-47 के साथ पकड़े गए संजीव जीवा गैंग के आरोपी अनिल उर्फ पिंटू और जेल में बंद उसके साथी अनिल बंजी की दो दिन की रिमांड न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मंजूर कर ली है। गुरुवार सुबह आठ बजे से रिमांड का समय शुरू होगा।
थानाभवन थाना प्रभारी प्रेमवीर राणा समेत एसओजी टीम ने चार अप्रैल को चेकिंग के दौरान एक कार से एके-47, 1300 कारतूस, चार मैगजीन आदि बरामद किए थे। पुलिस ने कार से अवैध असलाह बरामद करने के साथ ही एक आरोपी अनिल उर्फ पिंटू निवासी गांव हडौली माजरा जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया था।
आरोपी अनिल उर्फ पिंटू ने पूछताछ में बताया था कि वह और जेल में उसका साथी अनिल बंजी कुख्यात अपराधी संजीवा जीवा गैंग के सदस्य हैं। मंगलवार को थानाभवन पुलिस ने कैराना कोर्ट में अनिल बंजी और अनिल उर्फ पिंटू का आठ दिन का रिमांड मांगा है।
पुलिस की अर्जी पर कोर्ट में बुधवार को सुनवाई का समय दिया था। बुधवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण कुमार की कोर्ट में रिमांड के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई। जिसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने दो दिन की रिमांड मंजूर की है। गुरुवार सुबह आठ बजे से रिमांड का समय शुरू होगा।

