जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने निर्देशित किया है कि प्रदेश स्तर में चिन्हित 74 महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों, जिला मुख्यालयों में तथा महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए निर्धारित एसओपी बनाकर इस पर पूरी तरह से अमल किया जाए। उन्होंने पूर्वांचल डिस्कॉम के अंतर्गत महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल मां शाकुंभरी देवी स्थल पर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों की सिंचाई के लिए बिजली की कमी ना होने पाए। विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए विद्युत चोरी रोकने के पूरे प्रयास किए जाएं और हाई लाइन लॉस को हर हाल में कम किया जाए। साथ ही राजस्व वसूली में अच्छा कार्य करने वाले डिस्कॉम एवं अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने के लिए पुरस्कृत भी किया जाए।
ऊर्जा मंत्री सोमवार को शक्ति भवन में राजस्व वसूली, विद्युत चोरी, लाइन लॉस एवं विद्युत दुर्घटनाओं तथा धार्मिक स्थलों, जनपदों एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के दौरान बिजली जाने की आ रही शिकायतों का संज्ञान लेकर विद्युत व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि ऐसी शिकायतों पर कठोर कार्रवाई से पहले ही अधिकारी और कर्मचारी अपनी कार्य संस्कृति में शीघ्र बदलाव कर लें।
उन्होंने मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान, चित्रकूट में रूलिंग पार्टी के प्रशिक्षण के दौरान बिजली काटे जाने का तथा अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर भी बिजली कटौती को गंभीर मामला माना है। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के दौरान व वीआईपी दौरे होने के दौरान बिजली कटौती बंद होनी चाहिए। ऐसी स्थिति में व स्थलों पर रात्रि में बिजली कटौती बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।

