- एसडीएम से दबंगों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: क्षेत्र के गांव नौनांगली में दबंगों ने वाल्मीकि बस्ती से होकर जाने वाले रास्ते पर कब्जा कर लिया है जिससे वाल्मीकि समाज के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पर मंगलवार को ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव नौनांगली में वाल्मीकि बस्ती से होकर जाने वाला रास्ते को दबंग लोगों ने काटकर कब्जा कर लिया है जिससे रास्ता बेहद तंग हो गया है। उक्त रास्ता वाल्मीकि बस्ती से होकर खेतों पर जाता है जिससे बस्ती वाले एवं ग्रामीण भारी परेशानी उठा रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने पूर्व में अधिकारियों को शिकायत की।
आरोप है कि हल्का लेखपाल ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिस पर ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन कर राजस्व विभाग की टीम व पुलिस बल को भेजकर रास्ते को खाली कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में बाबूराम, उपेंद्र, प्रदीप, सागर, मनोज, नाजिम, राजकुमार, मुकेश आदि शामिल रहे।

