बीती मंगलवार रात सऊदी अरब के अल-खरज में हुआ था सड़क हादसे का शिकार
जनवाणी संवाददाता l
किठौर: आठ दिन पूर्व सऊदी अरब के अल-खरज सड़क हादसे में मौत का शिकार हुए ललियाना निवासी अफजाल का शव बुधवार तड़के करीब 5:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया। जहां से कागजी कार्रवाई के बाद सुबह दस बजे तक शव के ललियाना पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
ललियाना निवासी अफजाल (44) पुत्र औसाफ सऊदी अरब रियाद शहर के अल-खरज स्थित डिलिसियस फूड फैक्ट्री में काम करता था। बीती 28 जनवरी को सहकर्मियों के साथ फैक्ट्री से अपने कमरे कूबरी-7 को लौटते वक्त उनकी गाड़ी सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई थी। इस दर्दनाक हादसे में अफजाल और दो फिलीपींस नागरिकों की तो मौके पर मौत हो गई थी। जबकि ललियाना का फरीदुल पुत्र रईसुल के हाथ में फ्रेक्चर हो गया था। हादसे के बाद से अफजाल के परिवार में कोहराम मचा हुआ था।
हादसे में क्षत-विक्षत शव को परिजन जल्द से जल्द गांव मंगवाने का प्रयास कर रहे थे। इसके लिए गत गुरुवार को मृतक के चचेरे भाई जावेद, परवेज, मशकूर क्षेत्रीय सांसद चंदन चौहान से मिले। बकौल जावेद सांसद ने उन्हें जल्द शव मंगवाने का आश्वासन देते हुए एक पत्र दिया जिसको विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास में रिसीव कराने की बात कही। जावेद आदि ने सांसद का पत्र विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास में रिसीव कराकर कापी सांसद चंदन चौहान को सौंप दी।
बकौल जावेद तभी से परिजन अफजाल का शव घर लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बहरहाल बुधवार तड़के करीब 5:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया। जहां से कागजी कार्रवाई के बाद लगभग दस बजे शव ललियाना लाया जाएगा। मृतक के भाई जाहिद ने बताया कि दोपहर में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया जाएगा।
दफीने में शामिल होने के लिए बुधवार तड़के ही अफजाल का छोटा भाई शाहवेज भी सऊदी से ललियाना आया है। वहीं शव आने की सूचना पर अफजाल के रिश्तेदारों के अलावा ललियाना और आसपास के गांव के लोग अंतिम दर्शन के लिए ललियाना पहुंचने शुरू हो गए हैं।