जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उप जिलाधिकारी सदर दीक्षा जोशी की कुर्सी पर एक अधिवक्ता के बैठने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिस पर लेखपाल ने आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसडीएम सदर दीक्षा जोशी के कार्यालय की कुर्सी पर एक अधिवक्ता बैठा नजर आ रहा है। अधिवक्ता कुर्सी पर बैठकर एसडीएम के अंदाज में आदेश-निर्देश देने की मुद्रा में है। अधिवक्ता के एसडीएम सदर की कुर्सी पर बैठने का किसी ने चुपके से वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसी बीच वीडियो एसडीएम दीक्षा जोशी तक पहुंचा। जिस पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। साथ ही, वायरल वीडियो में अधिवक्ता की पहचान कराते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर दीक्षा जोशी के आदेश पर लेखपाल राहुल कुमार ने देहली गेट थाने पर अधिवक्ता डॉ. समीर कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लेखपाल ने एसडीएम के पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, अधिवक्ता डा. समीर कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

