- एक सप्ताह पूर्व अध्यापक को मारी थी गोली, फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं चार हमलावर
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: तेज विहार बन्नुमियां कॉलोनी में एक सप्ताह पूर्व अध्यापक अंकित को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी थी। एक सप्ताह बाद भी आरोपी हमलावर अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सके। जिससे अध्यापक के परिजनों में रोष है और इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें चार युवक ताबड़तोड़ गोलियां बरसा रहे हैं। तेज विहार बन्नुमियां कॉलोनी में गत 11 नवम्बर को बाइक सवार चार युवकों ने एक अध्यापक के घर पर हमला कर दिया था।
बताया गया कि अध्यापक के बराबर वाले घर पर बदमाश गोलियां बरसा रहे थे। जिसमें से एक गोली अध्यापक अंकित शर्मा को लग गई थी। पेट में गोली लगने से अंकित शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अंकित शर्मा के परिजनों ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी थी। अब इस घटना का एक वीडियो वायरल हो गया है। जिसमें चार युवक दिखाई दे रहे हैं। दो युवक बाइक पर बैठे हैं और दो युवक बाइक से अलग है। जो ताबड़तोड़ गोलियां बरसा रहे हैं। इनमें एक हेलमेट पहने हैं, जबकि दो युवक चेहरे पर नकाब लपेटे हैं।
एक युवक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। परिजनों में आक्रोश है कि कंकरखेड़ा पुलिस ठीक तरह से काम नहीं कर रही है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। जबकि एक युवक साफ दिखाई दे रहा है। जिसका चेहरा भी साफ नजर आता है। ऐसा लगता है किसी ने फायरिंग करते हुए युवकों की वीडियो मोबाइल से बनाई है। सीओ दौराला संजीव दीक्षित का कहना है कि वीडियो में चार हमलावर दिखाई दे रहे हैं। इन सभी को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

