- रात में तीन बजे पुलिस ने बच्चों को सकुशल किया बरामद
जनवाणी ब्यूरो |
नांगल सोती: क्षेत्र के एक ही गांव के चार बच्चों के एक साथ गायब होने से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बच्चों की बरामदगी के लिए तीन टीमें बनाकर खोजबीन शुरू कर दी। जिसके बाद चारों बच्चे पुलिस ने नजीबाबाद क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिए।
गुरुवार को नांगल थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर से निखिल पुत्र बिजेंद्र उम्र 13 वर्ष, लवी पुत्र नौबहार सिंह 10 वर्ष, गुनगुन पुत्र पवन उम्र 14 वर्ष आशु पुत्र सीताराम 14 वर्ष एक साथ जंगल से लकड़ी बीनने गए थे।
देर शाम तक घर नही लौटे जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। लेकिन, घण्टों बीत जाने के बाद भी चारों बच्चों का कोई सुराग नही मिल सका। जिसकी सूचना बच्चों के परिजनों ने नांगल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। जिसके बाद नांगल थाना प्रभारी वली मोहम्मद ने बच्चों की बरामदगी के लिए तीन टीमें बनाकर तलाश शुरू कर दी। जिसके बाद चारों बच्चो को नांगल पुलिस ने साहनपुर बस स्टैंड पर बने प्रतीक्षालय से सोते हुए बरामद कर लिया।
बच्चों के मिलने के बाद नांगल पुलिस ने राहत की सांस ली। बच्चों ने पुलिस को बताया कि लकड़ी बीनते समय उन्हें एक किसान ने डांट दिया था। जिस कारण वे घबराकर नजीबाबाद की ओर भाग गए थे। वहीं बच्चों के मिलने से परिजनों में भी खुशी की लहर दौड़ गई।

