जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार शाम गोलपार्क इलाके में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में फायरिंग और बमबाजी की घटना सामने आई है। कोलकाता पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कंकुलिया रोड पर मचा तांडव
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:30 बजे गोलपार्क के कंकुलिया रोड पर दो गुटों के बीच अचानक झड़प शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और बदमाशों ने कच्चे बम फेंके, गोलियां चलाईं और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हिंसा में कम से कम दो लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाड़ियों में तोड़फोड़, पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त
हंगामे के दौरान उपद्रवियों ने कई कारों और बाइकों में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद एक पुलिस वाहन का शीशा भी टूट गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

स्थानीय लोगों का आरोप – सोना पप्पू गैंग का हाथ
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे कुख्यात अपराधी सोना पप्पू और उसके गिरोह का हाथ है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
भाजपा ने सरकार पर साधा निशाना
इस घटना को लेकर भाजपा नेता दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “बंगाल में गुंडे-माफिया का राज चल रहा है। पुलिस भी उनके साथ मिली हुई है। सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। आम आदमी मारा जा रहा है। यह सब ममता बनर्जी के हाथ से बाहर हो चुका है। जब तक यह सरकार रहेगी, इससे बचाव संभव नहीं है।”
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गोलपार्क और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं और मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

