- पुरानी उत्तर पुस्तिकाओं को भरकर ले जा रहा था ट्रक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या होगा कि राजकीय इंटर कालेज का जो चौकीदार ट्रक को परिसर से बाहर निकलने के लिये रास्ता बता रहा था, वही ट्रक उसकी मौत का कारण बन गया। गुरुवार की रात माध्यमिक शिक्षा परिषद की पुरानी उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर जा रहे एक ट्रक की टक्कर से दीवार गिरने से चौकीदार की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। वहीं ट्रक चालक फरार हो गया है।
पुलिस ने बताया कि रुपेश कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी सरधना अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ जीआईसी में चौकीदार के पद पर काम करता था।

जीआईसी के बगल में ही माध्यमिक शिक्षा परिषद का क्षेत्रीय कार्यालय है। गुरुवार की रात को परिसर में चार ट्रक मौजूद थे। इनमें बोर्ड परीक्षा में प्रयोग की हुई उत्तर पुस्तिकाएं भरी जा रही थी। इन ट्रकों में एक ट्रक ओवरलोड था। उस वक्त चौकीदार गेट के पास खड़े होकर ट्रक को बाहर निकलने का रास्ता बता रहा था।
चौकीदार रुपेश ने जब ट्रक को आगे बढ़ने को कहा तो ट्रक चालक ने लापरवाही का परिचय देते हुए दीवार में टक्कर मार दी। पल भर में दीवार भरभरा कर ढह गई और दीवार से सट कर खड़ा हुआ रुपेश उसके नीचे आ गया और सिर पर ईंटों के लगने से वो नीचे गिर पड़ा और पल भर में उसने दम तोड़ दिया। रुपेश की मौत से हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों ने शोर मचा दिया और काफी लोग मौके पर एकत्र हो गए।
तभी किसी ने लालकुर्ती पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर रुपेश को जिला अस्पताल ले गई जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। जैसे ही रुपेश की मौत की खबर परिसर स्थित घर में पहुंची तो पत्नी गश खाकर गिर पड़ी। पिता की मौत से तीनों बच्चे दहाड़ मारकर रोने लगे। इंस्पेक्टर लालकुर्ती ब्रजेश सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर आने पर कार्यवाही की जाएगी।

