- हाइवे पर कैंटर की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे युवक की दर्दनाक मौत
- पुलिस ने शव मोर्चरी पहुंचाया, आरोपी चालक हिरासत में
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: हाइवे पर बुधवार दोपहर दिल्ली की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टाटा 407 ने सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया। आरोपी चालक युवक को 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी पहुंचा दिया। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।

पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के फेज-वन रॉयल पार्क निवासी 48 वर्षीय पवन जैन पुत्र नरेंद्र जैन परिवार के साथ रहते थे। पवन जैन मेरठ कचहरी में स्टेनो थे। मृतक के बेटे ईशान ने बताया कि उसके पिता परतापुर किसी काम से गए थे। दोपहर के समय काम खत्म कर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच ओलिविया होटल के पास वह किसी काम के सिलसिले में रुक गए थे। वह सड़क पार कर दूसरी तरफ जा रहे थे। इसी बीच दिल्ली की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टाटा 407 ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। युवक टाटा 407 के अगले पहियों में फंस गया। आरोपी चालक युवक को लगभग 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। खौफनाक मंजर देखकर लोगों की रुह कांप गई। हाथ में मौजूद हेलमेट भी दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के बाद हाइवे पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। आरोपी चालक टाटा 407 लेकर मौके से भागने लगा। लोगों ने पीछा कर आरोपी चालक को पकड़ लिया। वहीं हादसे के बाद सड़क पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस युवक को लेकर पास के अस्पताल में पहुंची। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में अस्पताल दौड़े। वहीं पुलिस आरोपी चालक को टाटा 407 सहित लेकर थाने आ गई। आरोपी चालक की पहचान हापुड़ निवासी संजय के रूप में हुई है। आरोपी चालक दिल्ली से हरिद्वार की तरफ टेंट का सामान लेकर जा रहा था। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है की तहरीर मिल गई है। आरोपी चालक हिरासत में है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
करनाल हाइवे पर सड़क हादसे में हर्रा के सभासद की मौत
सरूरपुर: बुधवार देर रात सड़क हादसे में कस्बा हर्रा के सभासद की मौत हो गई। कस्बा हर्रा के वार्ड-1 के सभासद ठाकुर विनोद कुमार बुधवार देर रात बाइक से आवास पर जा रहे थे। बताया गया कि मेरठ-करनाल हाइवे पर हादसे में उनको गंभीर चोट आई। राहगीरों ने उन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया।

सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे और आनंद हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे को लेकर जहां परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं कस्बे में भी शौक की लहर दौड़ गई। ठाकुर विनोद कुमार नगर पंचायत गठन के बाद दोनों बार लगातार सभासद निर्वाचित हुए थे। काफी हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति भी थे।

