जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के ठाणे में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही महिला के जेवर चोरी हो गए। यह जेवर ऑटोरिक्शा में सफर के दौरान चोरी हुए, जिसके बाद 57 वर्षीय महिला की ओर से अज्ञात सहयात्री के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला गुरुवार का है। शिकायत दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह डोंबिवली में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थी। वह ऑटोरिक्शा में थी। इसी दौरान ऑटो में एक और महिला सवार हुई। वह गोद में एक बच्चे को ली हुई थी। महिला व बच्चे के कपड़े गंदे थे। महिला ने पुलिस को बताया कि ऑटोरिक्शा में जगह नहीं था, इसके बावजूद वह मेरे पास बैठी और अपने बच्चे को मेरी गोद में बिठा दिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला के पास एक बैग भी था। दावा है कि इस बैग में सात लाख रुपये से अधिक के आभूषण थे। रास्ते में उसकी सहयात्री महिला उतर गई और वहां से चली गई। बाद में उसने अपने बैग को देखा तो उसमें से आभूषण गायब थे। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी महिला ने बच्चे के माध्यम से उसका ध्यान भटकाकर जेवर चोरी कर लिए।

