- राशन डीलर बोला, ऊपर से नीचे तक बंटता है पैसा
- माधवपुरम के प्रेम विहार स्थित राशन की दुकान पर घटतौली का ठीकरा कोटेदार ने अफसरों पर फोड़ा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आपूर्ति विभाग के अफसर भले ही कुछ भी दावें करते रहे, लेकिन गरीबों को मिलने वाले खाद्यान्न में घटतौली लगातार जारी है। दो किलो के नाम पर मात्र 12 सौ ग्राम खाद्यान्न ही गरीबों तक पहुंच रहा है, जबकि मूल्य दो किलो खाद्यान्न कर लिया जा रहा है।
ब्रह्मपुरी के माधवपुरम प्रेम विहार स्थित राशन की दुकान पर शुक्रवार को कोटेदार कार्ड धारकों को चना बांट रहा था, लेकिन चने की तोल के लिए कोई कांट या तराजू नहीं लगाया गया था। दूध नापने के डिब्बे में दो किलो चावल भर कर बांटा जा रहा था। उसकी इस हरकत का वहां मौजूद तमाम कार्ड धारकों ने विरोध किया। हंगामा ज्यादा बढ़ गया। लोग जमा हो गए।
जनवाणी संवाददाता भी वहां पहुंच गए। कोटेदार की कारगुजारी देखकर जनवाणी संवाददाता भी दंग रह गए। दूध नापने के लीटर वाले डिब्बे से दो किलो चावल तोल का जब कारण पूछा तो वह चुप रहा। दो किलो के नाम पर जो चावल लीटर के डिब्बे में भरकर दिया गया था जब उसको तराजू पर तोला गया तो वह कुल 12 सौ ग्राम निकला। अर्थात आठ सौ ग्राम की डंडी मारी जा रही थी। कार्ड धारकों को दो किलो के नाम पर मात्र 12 सौ ग्राम चना दिया जा रहा था।

कोटेदार की जब चोरी पकड़ी गयी तो वहां हंगामा खड़ा हो गया। कुछ लोगों ने प्रशासन के आला अधिकारियों का काल कर दिया। हंगामा बढ़ता देखकर कोटेदार ने सफाई देनी शुरू कर दी। उसका कहना था कि उसको 50 किलो के कटटे में सिर्फ 45 किलो चना मिलता है। इसके अलावा आपूर्ति विभाग के ऊपर से लेकर नीचे तक के स्टाफ का महीना बंधा होता है। जब उससे कहा गया कि डीएसओ को शिकायत की जाएगी तो उसने डीएसओ तक को पैसा पहुंचाने की बात तमाम भीड़ के सामने कहा दी।
इस संबंध में जब डीएसओ नीरज सिंह ने बात की गयी तो उन्होंने बताया कि मौके पर एआरओ व सप्लाई इंस्पेक्टर को भेजकर जांच करायी जाएगी। यदि कुछ कार्ड धारक लिखित में शिकायत देंगे तो कोटेदार की दुकान को सस्पेंड भी कर दिया जाएगा।

