जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त कराते हुए परिजनों को सूचना दी। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को साथ ले गई।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के वीवी पीजी कॉलेज के पास मंगलवार की शाम को राहगीरों ने एक युवक के सड़क किनारे पड़े होने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और जेब आदि की तलाशी लेकिन उसके पास से कुछ बरामद नहीं है।
बाद में करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मृतक की शिनाख्त बाशिद निवासी पलठेडी थाना गढ़ीपुख्ता के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हो हो गया। परिजनों ने किसी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
उधर, आदर्श मंडी थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि शव के पास से इंजेक्शन और नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। आशंका लगाई जा रही है युवक उक्त स्थान पर बैठकर नशीले पदार्थ का सेवन कर रहा था और अधिक डोज होने पर उसकी मौत हो गई। परिजनों के आग्रह पर शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया गया।

