- प्रबन्ध निदेशक की बैठक में वाणिज्यिक, तकनीकी आदि बिन्दुओं पर चर्चा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रबन्ध निदेशक पीवीवीएनएल अरविंद मलप्पा बंगारी ने डिस्कॉम मुख्यालय ऊर्जा भवन, विक्टोरिया पार्क स्थित सभागार में बैठक का आयोजन किया। जिसमें डिस्कॉम के समस्त 14 जनपदों के मुख्य अभियन्ता (वितरण), अधीक्षण अभियन्ता (वितरण) एवं अधिशासी अभियन्ता (वितरण/परीक्षण) ने भाग लिया। बैठक में मुख्य रूप से वाणिज्यिक, तकनीकी, राजस्व वसूली, चिन्हित हाइलॉस फीडर आदि बिन्दुओं पर समीक्षा की गई।
एकमुश्त समाधान योजना में बकाया वसूली में अच्छा प्रदर्शन करने पर प्रबन्ध निदेशक ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस योजना के अन्तर्गत लगभग 10.48 लाख उपभोक्ताओं से लगभग 1050.76 करोड़ की बकाया वसूली विभाग को प्राप्त हुई है। और 207.84 करोड़ की सरचार्ज की छूट उपभोक्ताओं को प्रदान की गई है। एकमुश्त समाधान योजना में पश्चिमांचल डिस्कॉम प्रदेश में अन्य डिस्कॉमों की अपेक्षा बकाया वसूली में प्रथम स्थान पर रहा है।
प्रबन्ध निदेशक ने गत माह लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व प्राप्ति, लाइन हानियों में कमी एवं शत-प्रतिशत एमयू आधारित बिलिंग करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रेवेन्यू, राजस्व वसूली, लाइन लॉस कम करने एवं एमयू आधारित बिलिंग में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रबन्ध निदेशक ने 10 केवी एवं अधिक स्वीकृत भार वाले उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एमआरआई ऐनेलेसिस के आधार पर संदिग्ध उपभोक्ताओं के राजस्व निर्धारण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईलॉस फीडर को चिन्हित कर कार्रवाई करें। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए अधीक्षण अभियन्ता स्तर से अवर अभियन्ता स्तर तक कार्य योजना तैयार करने और शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के निर्देश दिए।
बैठक में एसके पुरवार निदेशक(कार्मिक एवं प्रब.), मिथिलेश कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियन्ता एवं स्टाफ आफिसर, जमील अहमद खान अधीक्षण अभियन्ता(मुख्यालय), राजीव अग्रवाल अधीक्षण अभियन्ता (वाणिज्य), राजीव महेश्वरी अधीक्षण अभियन्ता, एके सिंह अधिशासी अभियन्ता(वाणिज्य), एमपी सिंह, अधिशासी अभियन्ता (मुख्यालय) एवं अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

