- टिकट कटने की घोषणा के बावजूद सपा प्रत्याशी के रूप में भानु प्रताप सिंह ने भी लिया नामांकन पर्चा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो गई है। पहले दिन बसपा प्रत्याशी देवव्रत त्यागी समेत 19 प्रत्याशियों के लिए रिटर्निंग आॅफिसर कार्यालय से पर्चे हासिल किए गए हैं। सपा से टिकट कटने की घोषणा के बावजूद भानु प्रताप सिंह के लिए पर्चा हासिल किया गया है। वहीं भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल का नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया के अंतर्गत फीस जमा करने के लिए चालान फॉर्म पारित कराया गया है।
गुरुवार को कलक्ट्रेट परिसर का माहौल किसी उत्सव जैसा नजर आया। जहां फूलमालाओं से लेकर रंग बिरंगे गुब्बारे और कपड़ों की रंगीन पट्टियों से पूरे परिसर को सजाया गया। डीएम कार्यालय के आसपास विभिन्न सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए। कलक्ट्रेट परिसर में लोकतंत्र के मा वी का आगाज करते हुए प्रत्याशियों के स्वागत के लिए जगह-जगह कारपेट भी बिछाया गया है। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को निर्वाचन कार्यालय का रूप देते हुए चुनाव की प्रक्रिया आरंभ कराई गई है। जहां रिटर्निंग आॅफिसर की जिम्मेदारी जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार को दी गई है।
उनके साथ सहायकों की टीम भी तैनात की गई है। नामांकन पत्र वितरित किए जाने का कार्य पूवार्नुमान 11:00 बजे से दोपहर बाद 3:00 बजे तक 4 घंटे चला। इस दौरान कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। जिनमें बसपा के देवव्रत त्यागी के लिए कार्यालय से नामांकन पत्र लिया गया। मेरठ से लेकर लखनऊ तक टिकट काटने की प्रबल चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी के घोषित किए गए प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह के लिए भी नामांकन पत्र प्राप्त किया गया।

इनके अलावा जेपी सिंह राकेश गिरी, धर्मेंद्र कुमार, मोहम्मद अफजाल, अनिल कुमार, देवव्रत त्यागी के सुपुत्र अनुभव त्यागी, लोहरी, अंकित शर्मा, भूपेंद्र, आशीष शर्मा, डा. हिमांशु, प्रमोद कुमार, धर्मराज छावरिया, आबिद हुसैन, रामकुमार शर्मा, डा. अंकुर राज, महबूब अली ने नामांकन पत्र लिए हैं। इस दौरान भाजपा कार्यकतार्ओं ने भाजपा प्रत्याशी अरुण चंद्रप्रकाश गोविल के नाम से उनकी चुनावी फीस जमा करने के लिए चालान फॉर्म पास कराया।
रिटर्निंग आॅफिसर का कहना है कि नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए इसको आॅनलाइन डाउनलोड भी किया जा सकता है। संभव है कि अरुण चंद्र प्रकाश गोविंद के नाम से आॅनलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड करके उसको संलग्न किया जाए। वहीं टिकट कट जाने की लखनऊ तक चर्चा होने के बावजूद समाजवादी पार्टी से भानु प्रताप के नाम से भी पर्चा लिया गया। जिसको लेकर यही चर्चा रही कि भानु प्रताप सिंह चुनाव चिन्ह आवंटन की तिथि तक अपने आप को समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के रूप में सामने रखकर चलेंगे।
इसके बाद अगर उनके स्थान पर किसी दूसरे प्रत्याशी को पार्टी अधिकृत करती है, तब वे अपना दूसरा निर्णय लेंगे। दूसरे चरण के मतदान में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से अधिकृत चुनाव चिन्ह की सूची भी लगा दी गई है। नामांकन के लिए की गई बैरिकेड्स के बीच बनाए गए प्रवेश द्वार पर मेटर डिटेक्टर लगाया गया है। साथ ही बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल के बीच विभिन्न खुफिया एजेंसियां अपने-अपने तौर से लोगों की हलचल और आवाजाही पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
शीर्षासन करके खींचा मीडिया का ध्यान
नामांकन पत्र लेकर डीएम न्यायालय से बाहर आते ही आशीष नाम के एक भावी उमीदवार ने शीर्षासन करते हुए मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। खुद को योग टीचर बता रहे आशीष के अनुसार उसके पास चुनाव में जमानत राशि के लिए भी धन नहीं है। लेकिन अगर मेरठ की जनता ने चंदा करके साथ दिया तो वह चुनाव लड़ेंगे।
कलक्ट्रेट में की गई चुनाव के लिए विशेष सजावट
दूसरे चरण में मेरठ में 26 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए प्रशासन ने जोरदार तैयारियां कर रखी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी का दायित्व जिलाधिकारी के कंधे पर है। लिहाजा डीएम ने कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ही फूलों से सुसज्जित गेट लगाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया है। चुनाव का पर्व देश का गर्व शीर्षक से बनाये गये इस सेल्फी प्वाइंट को कलक्ट्रेट के गेट में घुसते ही बनाया गया है।

इस सेल्फी प्वाइंट को चारों तरफ फूलों से सजाया गया है। इसमें लिखा गया है कि 26 अप्रैल को आप अपना वोट जरूर डालें। कलक्ट्रेट में घुसते ही पहली निगाह इस सेल्फी प्वाइंट पर पड़ती है। युवाओं में इस सेल्फी प्वाइंट को लेकर जबरदस्त क्रेज हो रहा है। वह इस सेल्फी प्वाइंट के सामने खड़े होकर अपना फोटो खींच रहे हैं। कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर खड़े पुलिस और होमगार्ड के जवाब भी युवाओं की सेल्फी खींचने में मदद कर रहे हैं।

