सुभाष शिरढोनकर
‘ओम शांति ओम’ (2007) से लेकर ‘छपाक (2020) तक दीपिका पादुकोण ने हिंदी फिल्मों में एक से बढ़कर एक अनेक किरदार अदा किए हैं। दीपिका अपने बेहतरीन अभिनय के कारण दर्शकों के दिलों पर राज करती रही हैं। उनकी जबर्दस्त फैन फोलोइंग है। 2020 की शुरुआत में दीपिका मेघना गुलजार की ‘छपाक’ में नजर आई थीं। विक्रांत मैसी ने उनके अपोजिट इसमें एक महत्वपूर्ण किरदार निभाया था। चाहने वाले दीपिका को हमेशा खूबसूरत और ग्लैमरस लड़की के किरदार में पसंद करते रहे हैं लेकिन उस छवि के विपरीत किरदार वाली ‘छपाक’ को दर्शकों ने सिरे से खारिज कर दिया। हालांकि दीपिका और मेघना दोनों का मानना रहा है कि अजय देवगन की ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ के अपोजिट फिल्म रिलीज होने की वजह से इसे दर्शकों का उतना रिस्पॉन्स नहीं मिल सका लेकिन सच्चाई यही है कि दोनों को सिर्फ क्रिटिक्स से मिली तारीफों से ही संतुष्टि करनी पड़ी।
शादी के बाद भी दीपिका पहले की तरह खूब काम कर रही हैं। नए साल में दीपिका की फिल्मों में उनके ऐसे कई किरदार देखने को मिलेंगे जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। शकुन बत्र की फिल्म में दीपिका पादुकोण, सिद्धांत चतुर्वेदी और अनन्या पांडे के साथ नजर आएंगी। हालांकि फिल्म का टाइटल अभी फाइनल नहीं हुआ है लेकिन फिल्म की शूटिंग के दौरान फिल्म के बारे में जिस तरह की खबरें आ रही हैं उसकी वजह से इस फिल्म के लिए दर्शकों में खास उत्साह बना हुआ है।
‘पठान’ में दीपिका एक बार फिर, शाहरुख के अपोजिट नजर आएंगी। इसमें उनके हिस्से में काफी एक्शन आने वाला है। फिल्म की ज्यादातर शूटिंग विदेश में होगी। इसके पहले ‘ओम शांति ओम’ (2007) ‘चैन्नई एक्सप्रेस’ (2013) और ‘हैप्पी न्यू ईयर (2014) जैसी फिल्मों में दोनों साथ नजर आ चुके हैं। दोनों की आॅन स्क्रीन कैमिस्ट्री को दर्शकों द्वारा हमेशा पसंद किया जाता रहा है।
नाग अश्विन की अगली फिल्म में दीपिका, महानायक अमिताभ बच्चन और साउथ के सुपर स्टार प्रभास के साथ काम करती नजर आएंगी। इसके अलावा वह ‘द इंटर्न’ के प्री प्रोडक्शन की प्रक्रिया में बिजी हैं। यह हॉलीवुड फिल्म की रीमेक है। मूल फिल्म में रॉबर्ट डी नीरो और एनी हैथवे नजर आए थे।
इसके अलावा दीपिका ‘महाभारत’ कर रही हैं। इसमें वह द्रोपदी का किरदार निभाने जा रही हैं। यह फिल्म अभी प्री प्रोडक्शन स्टेज पर है। इसलिए इतना तय माना जा रहा है कि 2021 में भी दीपिका का जलवा बदस्तूर जारी रहने वाला है।


