जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना की तीसरी लहर भले न आई हो लेकिन डेंगू लोगों को तेजी से चपेट में ले रहा है। गुरुवार को डेंगू के 23 नये मामले आने से बीमारों की संख्या बढ़कर 131 हो गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि अब तक डेंगू के 149 मरीज ठीक हो चुके हैं। 23 नये मरीज आने से एक्टिव मरीजों की संख्या 131 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कुछ जगह पर लोग टीम को घर में नहीं घुसने देते, यह उन्हीं के लिए हानिकारक है क्योंकि उनके पड़ोस में डेंगू का मरीज पाया गया है। जिस घर में डेंगू का मरीज पाया जाता है उस घर के आसपास के 50 घरों में टीम निरीक्षण करती है।
अगर ऐसे में डेंगू का मच्छर उड़कर पड़ोस के घर में किसी को काटता है तो वह भी डेंगू का शिकार हो सकता है। विभाग का सभी से अनुरोध है कि टीम का सहयोग किया जाए। मेरठ में लगातार बढ़ रही डेंगू के मरीजों की संख्या के साथ-साथ मुख्य चिकित्सक अधिकारी बताते हैं कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था है।
जिला अस्पताल के अंदर तकरीबन 30 बेड का इंतजाम है जिनको बढ़ाया जा सकता है। मेडिकल कॉलेज के बात की जाए तो यहां 100 बेड की व्यवस्था है अगर मरीज बढ़ते हैं तो इन्हें और भी बढ़ाया जा सकता है। मेडिकल कॉलेज और पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में ब्लड की सुविधा है।

