जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली: मेरठ में सदर बाजार पुलिस द्वारा सोतीगंज के 28 और कबाड़ियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी के निर्देश पर सदर बाजार पुलिस ने इन कबाड़ियों का आपराधिक इतिहास खंगालना शुरू कर दिया है। इसके बाद हाजी गल्ला और इकबाल की तरह ही इन पर कार्रवाई की जाएगी।
चोरी और लूट के वाहनों का कटान करने वाले कबाड़ी जीशान पव्वा, सलीम सहित 28 कबाड़ियों की सूची पुलिस ने तैयार की है। इन सभी कबाड़ियों का 10 साल का आपराधिक इतिहास देखा जा रहा है, जिसके आधार पर पुलिस गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की तैयारी करेगी। इसके बाद कबाड़ियों की अवैध रूप से अर्जित चल और अचल संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरे राज्यों में सक्रिय कबाड़ियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
70 करोड़ रुपये से ज्यादा की हो चुकी है संपत्ति जब्त
अभी तक पुलिस हाजी गल्ला और इकबाल सहित अन्य कई कबाड़ियों की संपत्ति जब्त कर चुकी है। अब तक 70 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई है। अभी अन्य कबाड़ियों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
इकबाल और हाजी गल्ला के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अभी सोतीगंज के कई कबाड़ी ऐसे हैं, जिन पर कई मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन उनका गैंग तैयार नहीं हुआ है। जल्द गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी। – सूरज राय, एएसपी, कैंट

