- सुनील बाधवा और सतेंद्र सोलंकी बने सबसे ज्यादा वोट लेने वाले पराजित प्रत्याशी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भारतीय जनता पार्टी की छपरौली कही जाने वाली कैंट सीट इस बार भी बिना किसी परेशानी के भाजपा के हिस्से में आ गई। भाजपा प्रत्याशी अमित अग्रवाल ने 1993 से लेकर अब तक सर्वाधिक वोट हासिल कर सबसे बड़ी जीत दर्ज करने में सफलता हासिल की है। जिस वक्त पूरे वेस्ट यूपी में भाजपा के खिलाफ जबरदस्त माहौल बना हुआ था उस वक्त अमित अग्रवाल की 118072 वोटों से जीत हासिल करना मील का पत्थर साबित हुई। वहीं, दूसरे नंबर पर आई मनीषा अहलावत भी सुनील बाधवा के बाद सबसे ज्यादा वोट हासिल करने में सफल हुई।
किसान आंदोलन और जाट मुस्लिम गठजोड़ की भेंट चढ़ी सरधना, सिवालखास और किठौर सीट के बाद लोगों को उम्मीद थी कि कैंट सीट भाजपा की सबसे सुरक्षित सीट है। अमित अग्रवाल इस सीट पर तीसरी बार चुनाव लड़ने के लिये उतरे। इससे पहले 1993 और 1996 में जीत हासिल कर चुके थे।
1993 में अमित अग्रवाल को 71419 और 1996 में 73726 वोट मिले थे। 2022 के चुनाव में अमित अग्रवाल ने रिकार्ड बनाते हुए 162032 वोट हासिल किये और 118072 वोटों से जीत दर्ज करने में सफलता हासिल की। वहीं 2002 में सत्य प्रकाश अग्रवाल को 55962 वोट, 2007 में 56800 वोट और 2012 में 70820 वोट मिले थे। जबकि 2017 के चुनाव में सत्य प्रकाश अग्रवाल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 132518 वोट हासिल किये थे। जबकि दूसरे नंबर पर रहे बसपा के सतेन्द्र सोलंकी को 55893 वोट मिले थे। सत्य प्रकाश अग्रवाल 76619 वोटों से जीत दर्ज करने में सफल हुए थे।
इस बार अमित अग्रवाल के सामने रालोद प्रत्याशी मनीषा अहलावत और बसपा प्रत्याशी अमित शर्मा थे। मनीषा को उम्मीद थी कि जाट और मुस्लिम वोटर उनको सम्मानजनक वोट दिलवा देंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मनीषा अहलावत को 43960 और अमित शर्मा को 28519 वोट ही मिल पाए। वेस्ट यूपी में चल रही विरोध की जबरदस्त आंधी भी फर्क नहीं डाल पाई। आंकड़ों के मुताबिक अमित अग्रवाल को 60 प्रतिशत से अधिक जाट वोट मिले।
यही नहीं भाजपा प्रत्याशी के हिस्से में मुस्लिम वोट भी आए। जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे फीका रहा और पार्टी के जिलाध्यक्ष अवनीश काजला 2 फीसदी वोट लेकर मात्र 5096 वोट ही हासिल कर पाए। इससे पहले 2002 में कांग्रेस प्रत्याशी रमेश धींगड़ा ने 40517 वोट हासिल किये थे। अगर दूसरे नंबर पर सर्वाधिक वोट लेने की बात की जाए तो 2012 में बसपा के सुनील बाधवा 67207 वोट लेने में सफल हुए थे।

