- ग्राम चौसाना में पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि महिलाओं एवं किशोरियों का स्वास्थ्य ठीक हो इसलिए वह पौष्टिक आहार का सेवन करें। बेटी को बेटे के बराबर समझे और उसे आगे बढ़ाएं। इसकी शुरुआत अपने घर से करनी है, और बेटी को शिक्षित करना है।
Weekly Horoscope: क्या कहते हैं आपके सितारे साप्ताहिक राशिफल 27 मार्च से 2 अप्रैल 2022 तक || JANWANI
बुधवार को ऊन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम चौसाना में पोषण पखवाडा कार्यक्रम शुभारंभ जिलाधिकारी जसजीत कौर ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा खनन निधि से बच्चों को बैठने के लिए कुर्सी, छोटी मेज, अलमारी व खिलौने दिए गए। इस अवसर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि सभी को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करनी चाहिए। अच्छी पढ़ाई की बदौलत ही बच्चे उच्च पदों पर रहकर देश व समाज की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की लड़कियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
जब लड़कियां शिक्षित होती है तो उसके साथ ही पूरा परिवार भी शिक्षित होता है। शिक्षित युवती ही आगे चलकर अपनी ससुराल में बच्चों को अच्छा आचरण प्रदान करती है। इसलिए हमें अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के लिए पोषण के बारे में जागरूक करना है।
जिलाधिकारी ने ग्राम चौसाना के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर 4 बच्चों का अन्नप्राशन कराया। साथ ही, 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई। जबकि 36 किशोरी बालिकाओं को सैनेटरी नैपकिन पैड का वितरण किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यदि महिलाओं एवं किशोरियों का स्वास्थ्य ठीक रहता है, तो पूरे परिवार का स्वास्थ्य ठीक रहेगा।
यदि कम उम्र में बच्ची की शादी कर दी जाती है तो उससे जो बच्चा पैदा होगा वह कुपोषित बच्चा पैदा होगा। इस प्रकार कुपोषण का चक्र चलता रहेगा। हमें कुपोषण का चक्र तोड़ना है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के लिए आंगनबाडी केन्द्रों पर नियमित रूप से बच्चों का वजन कराना, उचित पोषण पदार्थ खिलाना, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर टीकाकरण कराना अत्यन्त आवश्यक है।
इस अवसर पर किशोरी हेल्थ कैम्प में किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता की शिक्षा, आयरन की गोली एवं सैनेटरी नैपकिन पैड का नि:शुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा, बीडीओ प्रवीन कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी गजेश सैनी, ग्राम प्रधान सिमरन कौर आदि उपस्थित रहे।

