
बरसों बाद, फिर से प्रवेश किया है-मैंने
बीते समय के कुछ पलों की उपस्थिति
मेरी डायरी में दर्ज है
एक खिड़की में
ठहरी हुई है-धूप
एक चौखट में
ठहरी हुई है-छांव
एक दीवार से
लिपटी हुई है-ठंडी हवा
छत में दुबकी हैं
बारिश की-बूंदें
एक रोशनदान में
रुकी हुई है-चिड़ियों की चहचहाहट
सीढ़ियों में रुकी हुई है
तुम्हारे कदमों की पदचाप
मेरे-तुम्हारे साथ के बीते दिनों के पल
ठहरे हुए हैं
मेरे-तुम्हारे हथेलियों का गर्म स्पर्श
और सांसों की गर्माहट कमरे में रुकी हुई है
रोक रखा है मैंने डायरी में


